Protest against Jamia Violence: जानिए CAA को लेकर क्या बोले सुपरस्टार रजनीकांत?
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ देशभर में छात्र सड़कों पर उतर गए हैं, विपक्षी पार्टियां भी इस कानून का विरोध कर रही हैं, कानून के विरोध में दिल्ली के जामिया नगर क्षेत्र में जो हिंसा हुई और पुलिस की कार्रवाई हुई, उसके विरोध में देश की कई यूनिवर्सिटी प्रदर्शन कर रही हैं, देश में कुल 22 बड़े कैंपस हैं, जहां पर विरोध प्रदर्शन जारी है, जामिया हिंसा को लेकर आज सर्वोच्च अदालत में भी सुनवाई हो सकती है।

रजनीकांत ने कहा-यहां इस विषय पर कुछ नहीं कहना चाहूंगा
विरोध प्रदर्शन को लेकर आम से खास लोग अपनी प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर दे रहे हैं, कुछ खास लोगों ने तो प्रदर्शन पर खासा रोष प्रकट किया है, जब आने वाली फिल्म 'दरबार' के ट्रेलर लॉन्च इवेंट पर तमिल सिनेमा के भगवान कहे जाने वाले रजनीकांत से इस विरोध प्रदर्शन पर सवाल किया तो अभिनेता से नेता बने रजनीकांत ने कहा कि यह एक फिल्म का कार्यक्रम है और मैं यहां राजनीति के बारे में बात नहीं करना चाहता, उन्होंने आगे कहा कि वह इस मुद्दे पर किसी अलग प्लैटफॉर्म पर बात करेंगे न कि सिनेमा के प्लैटफॉर्म पर।

10 लोगों को किया गिरफ्तार
मालूम हो कि नागरिकता संशोधन कानून को लेकर दिल्ली के जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में हुए हिंसक प्रदर्शन के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली पुलिस ने 15 दिसंबर के हिंसक प्रदर्शन के मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि किसी भी छात्र को गिरफ्तार नहीं किया है और जिनको गिरफ्तार किया गया है, उनका आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
वीडियो फुटेज
वीडियो फुटेज के आधार पर पुलिस ने ये कार्रवाई की है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस का दावा है कि वीडियो फुटेज में गिरफ्तार किए गए लोग पत्थरबाजी करते और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस का कहना है कि इस मामले में और गिरफ्तारियां भी होगी। पुलिस कई वीडियो फुटेज खंगाल रही है और इसके जरिए उपद्रवियों को चिन्हित करने का काम किया जा रहा है।
यह पढें: Protest against Jamia violence: कन्हैया कुमार ने फिर दोहराया-'हम ले के रहेंगे आजादी'












Click it and Unblock the Notifications