लोकसभा चुनाव 2019 : संबलपुर लोकसभा सीट के बारे में जानिए
नई दिल्ली: ओडिशा की संबलपुर लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद बीजू जनता दल के नागेंद्र कुमार प्रधान हैं। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेडी के नागेंद्र कुमार प्रधान को 3 लाख 58 हज़ार 618 वोट मिले थे। दूसरे नंबर पर रहे बीजेपी के उम्मीदवार को 3 लाख 28 हज़ार से ज्यादा वोट मिले थे। इस सीट पर जीत का अंतर 30, 576 वोटों का रहा था। कांग्रेस उम्मीदवार को भी 24.6 फीसदी वोट मिले थे। पार्टी प्रत्याशी अमरनाथ प्रधान ने 2 लाख 42 हज़ार से अधिक वोट अर्जित किए थे। यहां बीएसपी की उपस्थिति भी देखी गयी थी। बीएसपी प्रत्याशी ने 12 हज़ार से ज्यादा वोट हासिल किए थे। वहीं पहली बार चुनाव लड़ते हुए आम आदमी पार्टी ने भी 7 हज़ार वोट हासिल किए थे।

संबलपुर लोकसभा सीट का इतिहास
संबलपुर लोकसभा क्षेत्र को बीजू जनता दल का गढ़ कह सकते हैं। साल 1998 के बाद से लगातार बीजेडी ने इस सीट पर कब्जा बनाए रखा है। केवल 2009 में उसे पराजय का मुंह देखना पड़ा था जब कांग्रेस के अमरनाथ प्रधान ने उन्हें चुनाव में शिकस्त दी थी। कांग्रेस सम्बलपुर लोकसभा सीट पर 7 बार जीत चुकी है लेकिन बीजू जनता दल और इससे पहले जनता दल या जनता पार्टी को जोड़ लें तो यह भी 6 बार यहां से चुनाव जीत चुकी है।
इसके अलावा प्रजा सोशलिस्ट पार्टी, गणतंत्र परिषद और ऑल इंडिया गणतंत्र परिषद का शुरू के तीन चुनावों में इस सीट पर कब्जा रहा था। संबलपुर निर्वाचन क्षेत्र में 6 विधानसभा की सीटें हैं। इनमें दो अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित हैं और एक आदिवासियों के लिए। आदिवासियों के लिए सुरक्षित कुचिंडा की सीट बीजेपी के पास है। इसके अलावा सभी सीटों पर बीजेडी का कब्जा है। इन सीटों में शामिल हैं रेंगाली(एससी), सम्बलपुर, रायराखोल, छेंदीपाडा(एसी) और अठमल्लिक। इस बात से आप अंदाजा लगा सकते हैं कि इलाके में बीजेडी की राजनीतिक पकड़ कितनी मजबूत है।
नागेंद्र कुमार प्रधान का लोकसभा में प्रदर्शन
संबलपुर लोकसभा सीट से बीजू जनता दल के सांसद नागेंद्र कुमार प्रधान ने संसद में 48 बार डिबेट में हिस्सा लिया है। उन्होंने एक निजी बिल भी पेश किया है। प्रधान ने 545 सवाल पूछे हैं जो राष्ट्रीय औसत 273 से दुगुना है। यानी सवाल पूछने के मामले में नागेंद्र प्रधान बहुत आगे हैं। एक सांसद के रूप में नागेंद्र की उपस्थिति 93 फीसदी रही है। नागेंद्र कुमार प्रधान की सांसद निधि में दिसम्बर 2018 तक 1 करोड़ 73 लाख की राशि शेष थी। बाकी राशि खर्च की जा चुकी थी। संबलपुर लोकसभा क्षेत्र में 2014 के लोकसभा चुनाव के समय 12 लाख 97 हज़ार से ज्यादा मतदाता थे। इनमें महिला मतदाताओं की संख्या 6 लाख 28 हज़ार से ज्यादा थी। विगत चुनाव में 76 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले थे। इस तरह कुल 9 लाख 84 हज़ार 309 लोगों ने मतदान किया था। इनमें पुरुष मतदाताओं की तादाद 5 लाख 5 हज़ार से ज्यादा थी।
सम्बलपुर लोकसभा क्षेत्र की आबादी की अगर बात करें तो 18 लाख 98 हज़ार से ज्यादा लोग यहां रहते हैं। ग्रामीण आबादी 81.02 फीसदी है। कुल आबादी में आदिवासियों का हिस्सा 28.96 फीसदी है जबकि अनुसूचित जाति का हिस्सा है 17.91 फीसदी। साल 2019 के आम चुनाव में बीजेडी सांसद नागेंद्र कुमार प्रधान एक सांसद के रूप में अपनी सक्रियता और पार्टी के जनाधार के दम पर विरोधियों को चुनौती देंगे। वहीं बीजेपी और कांग्रेस उनसे यह सीट छीनने की कोशिश करेंगीं। इस तरह ओडिशा की ज्यादातर सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबले जैसी स्थिति यहां भी देखने को मिलेगी।
ये भी पढ़ें :- लोकसभा चुनाव 2019 : सुंदरगढ़ लोकसभा सीट के बारे में जानिए












Click it and Unblock the Notifications