लोकसभा चुनाव 2019: कोरापुट लोकसभा सीट के बारे में जानिए
नई दिल्ली: ओडिशा की कोरापुट लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद बीजू जनता दल के झीना हिकाका हैं। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजू जनता दल के उम्मीदवार झीना हिकाका को 3 लाख 95 हज़ार 109 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस के गिरिधर गोमांग को 3 लाख 75 हज़ार 781 वोट। बीजेपी तीसरे स्थान पर रही थी। उसे 89 हज़ार 788 वोट मिले। बहुजन समाज पार्टी को भी 34 हज़ार 957 वोट हासिल करने में सफलता मिली। वहीं, अम्बेडकर पार्टी ऑफ इंडिया ने 14 हडार से ज्यादा वोट बटोरे। नोटा के तहत कोरापुट में 33 हज़ार से ज्यादा वोट पड़े। जीत का अंतर महज 19 हजार 328 वोटों का था।

कोरापुट लोकसभा सीट का इतिहास
कोरापुट लोकसभा सीट का राजनीतिक इतिहास कांग्रेस के पक्ष में रहा है मगर विगत दो चुनावों से बीजू जनता दल के उम्मीदवार इस सीट से जीतते रहे हैं। 2009 में जयरा पांगी ने जीत दर्ज की थी और 2014 में झीना हिकाका इस सीट से निर्वाचित हुए। मगर, कोरापुट लोकसभा सीट की पहचान हैं गिरधर गमांग। वही गिरिधर गमांग जिनके एक वोट से अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार चुनाव हार गयी थी। तब गिरधर गमांग ने ओडिशा के मुख्यमंत्री का पदभार सम्भाला था। मगर, सांसद से इस्तीफा नहीं दिया था। इस बीच विश्वासमत की घड़ी आ गयी। गिरिधर गमांग पार्टी ह्विप से बंध गये। मुख्यमंत्री रहते उन्होंने एक सांसद के रूप में अपना वोट दिया। यही वोट अटल सरकार पर भारी पड़ गया। गिरिधर गमांग कोरापुट में 1972 से लगातार 8 बार 1998 तक जीतते रहे। 9वीं बार उन्होंने 2004 में चुनाव जीता था। गिरधर गमांग अब बीजेपी में शामिल हो चुके हैं।
झीना हिकाका का लोकसभा में प्रदर्शन
एक सांसद के रूप में झीना हिकाका ने 7 बार डिबेट में हिस्सा लिया। कुल 17 सवाल उन्होंने सदन में पूछे। उपस्थिति महज 66 फीसदी रही। यानी एक सांसद के रूप में औसत प्रदर्शन भी नहीं दिखा। 2014 में कोरापुट लोकसभा क्षेत्र में 13 लाख से ज्यादा मतदाता थे। उनमें 6 लाख 29 हज़ार से ज्यादा पुरुष मतदाता थे। पुरुषों से भी ज्यादा महिला मतदाताओं की संख्या थी। महिला वोटरों की ताददाद 6 लाख 71 हज़ार से ज्यादा रही। वोट देने के नजरिए से भी देखा जाए, तो महिलाएं कोरापुट में आगे रहीं। 5 लाख 4 हज़ार से ज्यादा महिला वोटरों ने वोट डाले। वहीं, पुरुषों की तादाद रही 4 लाख 85 हज़ार 223. कोरापुट में कुल 76 फीसदी वोट पड़े। यानी कुल 9 लाख 89 हज़ार 444 मतदाताओं ने वोट डाले। कोरापुट की आबादी 20 लाख 56 हज़ार 741 है। ग्रामीण मतदाताओं की संख्या 82 फीसदी से ज्यादा रही। वहीं शहरी मतदाताओं की तादाद 17 फीसदी से ज्यादा रही। कोरापुट में 52 फीसदी से ज्यादा आदिवासी हैं जबकि 14 फीसदी से ज्यादा यहां अनुसूचित जाति की आबादी है।
कोरापुट लोकसभा क्षेत्र में विधानसभा की 7 सीटें हैं। इनमें से आदिवासियों के लिए 5 सीटें सुरक्षित हैं जबकि अनुसूचित जाति वर्ग के लिए एक सीट सुरक्षित है। इनमें चार सीटों पर बीजेडी का कब्जा है जबकि कांग्रेस ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की है। बीजेडी के पास गुनपुर, बिसम कटक, रायगढ़ और पोट्टांगी की सीटें हैं जबकि कांग्रेस के पास लक्ष्मीपुर, कोरापुट और जेयपोर की सीटें हैं। साल 2019 में कोरापुट में लोकसभा का चुनाव दिलचस्प होने वाला है। गिरधर गमांग के बीजेपी में शामिल होने के बाद माना जा रहा है कि बीजेडी की टक्कर बीजेपी से ही होगी। वहीं कांग्रेस को अपने जनाधार को साबित करना होगा। गिरधर गमांग के बिना कांग्रेस किस स्थिति में रहती है यह तो चुनाव के नतीजे ही बता पाएंगे।
ये भी पढ़ें :- लोकसभा चुनाव 2019 : क्योंझर लोकसभा सीट के बारे में जानिए












Click it and Unblock the Notifications