प्रियंका का मोदी पर हमला, कहा- इनसे बड़ा कायर और कमजोर पीएम मैंने आज तक नहीं देखा
लखनऊ। 17वीं लोकसभा के लिए हो रहे मतदान का छठा चरण 12 मई को होने जा रहा है। गुरुवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करने प्रतापगढ़ पहुंची। रैली में प्रियंका ने मोदी पर जबरदस्त हमला बोला। प्रियंका गांधी ने कहा कि, इनसे (मोदी) बड़ा कायर, इनसे कमजोर प्रधानमंत्री मैंने जिंदगी में नहीं देखा है। राजनीतिक शक्ति बड़े बड़े प्रचार से नहीं आती है। टीवी पे दिखाने से नहीं आती है।

'राजनीतिक शक्ति वो होती है, जो ये माने कि जनता सबसे बड़ी है'
प्रियंका ने कहा कि, राजनीतिक शक्ति वो होती है, जो ये माने कि जनता सबसे बड़ी है। जनता की बात सुनने की शक्ति, जनता की समस्याओं को सुलझाने की शक्ति, आलोचना सुनने की शक्ति, विपक्ष दलों की बात सुनने की शक्ति। लेकिन ये पीएम आपकी बात सुनना छोड़िए, आपको जवाब नहीं जानाते। प्रियंका ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि, जब आपके प्रत्याशी आपके बीच आए तो ये जरूर पूछिए की 5 साल में हमारे लिए क्या किया? 5 साल पहले जब भाजपा की सरकार बनी तो वादा किया था कि 15 लाख रुपए देंगे। क्या आपको दिए गए? इन्होंने कहा था कि 2 करोड़ रोजगार देंगे, उसके बजाय 5 करोड़ रोजगार घटा दिए, आपसे कहा था नोटबन्दी से कालाधन वापस आएगा, कोई कालाधन वापस नही आया, आपको इस सरकार ने धोखा दिया है।

प्रियंका ने शायरी बोल प्रियंका पर साधा निशाना
यूपी में आवारा पशुओं की परेशानी को उठाते हुए प्रियंका ने कहा कि, किसान आवारा पशुओं से परेशान हैं, रात रात भर खेतों की रखवाली करते हैं, 12 हजार किसानों ने आत्महत्या कर ली। किसानों की आमदनी आधी हो गई। बीजेपी वाले कहते थे कि गोशाला बनाएंगे। मैंने फैजाबाद में देखा कि वहां एक बाड़ा बना हुआ उसमें ना पानी था ना चारा था। भाजपा के वायदों पर अदम गोंडवी का एक शेर याद आ रहा है... तुम्हारी फाइलों में गाँव का मौसम गुलाबी है, मगर ये आंकड़े झूठे हैं ये दावा किताबी है।

भाजपा दो-दो हजार का लॉलीपॉप दे रही है
प्रियंका ने कहा कि, आप इनसे पूछिए 15 लाख का क्या हुआ, रोजगार का क्या हुआ इनके पास कोई जवाब नहीं है। कहा था भ्रष्टाचार मिटाएंगे, लेकिन पूरा देश जान गया है कि भ्रष्टाचारी कौन है, मैं एक दिन एक विज्ञापन देख रही थी जिसमें आ रहा था बिजली के बिल पर मेरी तलवार फिर एक बार मोदी सरकार। जबकि सच्चाई ये है कि, सिर्फ उद्योगपतियों के बिल पर तलवर चलाई है। इस देश के किसानों के बीमा के पैसे मोदी जी के तीन उद्योगपति मित्रों के जेब डाल दिए। हाल ही में भाजपा वालों ने किसान सम्मान योजना निकाली है, भाजपा दो-दो हजार का लॉलीपॉप दे रही है, 5 सालों तक तो किसानों को नकार दिया। ये किसान अपमान योजना है। प्रियंका ने कहा कि, हमने कहा था किसानों का कर्ज माफ करेंगे, हमने किया। वो भी एक मुश्त किया। हमने कहा है कि हम 72 हजार देंगे तो देंगे,हमारी सरकार आई तो हम फूडपार्क शुरू करेंगे। जो किसान कर्ज ना दे पाए, उन्हें जेल नहीं डाला जाएगा। हम हर जिले के मिनी फूडपार्क बनाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications