'मेरा भाई कभी हिंदुओं का अपमान नहीं कर सकता है', अब राहुल गांधी के बचाव में बोलीं प्रियंका गांधी
Priyanka Gandhi on Rahul Gandhi: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार (1 जुलाई) को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान हिंदूओं को लेकर जो बयान दिया, उसपर विवाद हो रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि, 'जो लोग खुद को हिंदू कहते हैं, वो हिंसा, नफरत करते हैं' हालांकि बाद में राहुल गांधी ने कहा कि, मोदी, भाजपा और RSS संपूर्ण हिंदू नहीं हैं।
राहुल गांधी के इस बयान पर भाजपा ने हिंदुओं का अपमान करने का आरोप लगाया है। जिसपर अब कांग्रेस की नेता और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा ने उनका बचाव किया है। प्रियंका गांधी ने कहा है कि, ''मेरा भाई कभी हिंदुओं का अपमान नहीं कर सकता है।''

ये भी पढ़ें- 'खुद को हिंदू कहने वाले हिंसा करते हैं', राहुल गांधी के बयान पर भड़के PM मोदी, शाह, कहा- 'हिंदू समाज को...'
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के संसद में दिए गए भाषण पर पार्टी नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "वह हिंदुओं का अपमान नहीं कर सकते। उन्होंने भाजपा और उसके नेताओं के बारे में यह बात साफ तौर पर कही है।"
प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा कि, राहुल गांधी ने कहा है कि, 'नरेंद्र मोदी पूरा हिंदू समाज नहीं हैं, BJP पूरा हिंदू समाज नहीं है, RSS पूरा हिंदू समाज नहीं है, ये BJP का ठेका नहीं है।'
राहुल गांधी ने 'हिंदुओं' पर क्या कहा?
राहुल गांधी ने कहा,
"अभयमुद्रा कांग्रेस का प्रतीक है, अभयमुद्रा निर्भयता का संकेत है, आश्वासन और सुरक्षा का संकेत है, जो भय को दूर करता है और हिंदू, इस्लाम, सिख धर्म, बौद्ध धर्म और अन्य भारतीय धर्मों में दैवीय सुरक्षा और आनंद प्रदान करता है। मोदीजी ने अपने भाषण में कहा था कि, हिंदुस्तान ने कभी किसी पर हमला नहीं किया। इसका कारण है कि हमारे सभी महापुरुषों ने अहिंसा और भय खत्म करने की बात की है...लेकिन, जो लोग खुद को हिंदू कहते हैं, वो 24 घंटा हिंसा, हिंसा, हिंसा, नफरत, नफरत, नफरत, असत्य, असत्य, असत्य, आप हिंदू हो ही नहीं। हिंदू धर्म में साफ लिखा है, सत्य के साथ खड़ा होना चाहिए। सत्य से पीछे नहीं हटना चाहिए। सत्य से नहीं डरना चाहिए। अहिंसा, हमारा प्रतीक है।''
ये भी पढ़ें- 'अयोध्या की जनता छोड़िए, ये BJP वालों को भी डराते हैं', राहुल का PM मोदी पर आरोप, राजनाथ-गडकरी को लेकर कही बात
पीएम मोदी और अमित शाह ने राहुल गांधी के बयान पर किया पलटवार?
राहुल गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए संसद में पीएम मोदी ने कहा कि, "पूरे हिंदू समुदाय को हिंसक कहना बहुत गंभीर मामला है।" वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि, राहुल गांधी को अपने बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने इस टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी की आलोचना की। किरेन रिजिजू ने लिखा, "मैं राहुल गांधी जी द्वारा हिंदुओं को हिंसक, घृणास्पद और असत्य समुदाय कहने की निंदा करता हूं। वह बिना किसी कारण के हिंदुओं का अपमान नहीं कर सकते।"
ये भी पढ़ें- 'मुझे विपक्ष के नेता को गंभीरता से लेना चाहिए', पीएम मोदी ने राहुल के लिए क्यों कही ऐसी बात?
भाजपा नेता जी किशन रेड्डी बोले- राहुल गांधी और कांग्रेस डिप्रेशन में हैं
भाजपा नेता जी किशन रेड्डी ने दावा किया कि राहुल गांधी का भाषण हिंदुओं के खिलाफ था। जी किशन रेड्डी ने कहा, ''राहुल गांधी और कांग्रेस डिप्रेशन में हैं। उन्होंने पूरी तरह से झूठ बोला है। हमें राहुल गांधी से सहानुभूति रखनी चाहिए, क्योंकि पिछले 20 सालों से वह प्रधानमंत्री बनना चाहते थे, लेकिन जनता ने उन्हें प्रधानमंत्री बनने का मौका नहीं दिया। इसलिए उन्होंने संसद में हिंदुओं के खिलाफ भाषण दिया। उन्होंने कहा कि हिंदू हिंसक हैं। देश के लोगों को यह समझना चाहिए। जब तक देश में हिंदू हैं, तब तक देश में हिंसा नहीं होगी।"












Click it and Unblock the Notifications