'अपने दिल की बात विपक्ष के बहाने, अच्छा खेल गए गडकरी जी'
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दावा किया है कि विपक्ष के नेता की ओर से उन्हें प्रधानमंत्री पद के लिए समर्थन का प्रस्ताव मिला था। जिसके बाद चर्चा हो रही है कि आखिर यह प्रस्ताव किस नेता ने गडकरी को दिया था। इस बीच शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने पलटवार करते हुए कहा कि विपक्षी गठबंधन में कई ऐसे नेता हैं जोकि देश का नेतृत्व करने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि गडकरी विपक्ष के जरिए अपनी पीएम बनने की इच्छा को जाहिर कर रहे थे।
प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि नितिन गडकरी जी ने प्रधानमंत्री बनने की अपने दिल की इच्छा को विपक्ष के नेता के नाम का बहाना लेकर जाहिर किया है। वह मोदीजी को संदेश भेज रहे हैं। इंडिया गठबंधन में कई सक्षम नेता हैं जो देश का नेतृत्व कर सकते हैं। हमें भाजपा से नेता उधार लेने की जरूरत नहीं है। नितिन जी आपने अच्छा खेला है।

नाम का नहीं किया खुलासा
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने हाल ही में दावा किया कि एक विपक्षी नेता ने उन्हें 2024 के आम चुनावों से पहले प्रधानमंत्री पद की पेशकश की थी। हालांकि उन्होंने कहा कि उन्होंने इस प्रस्ताव को मैंने अस्वीकार कर दिया। गडकरी ने उस व्यक्ति की पहचान का खुलासा नहीं किया, लेकिन संकेत दिया कि वह एक वरिष्ठ नेता था।
गडकरी ने कहा कि मैंने नेता से कहा कि मैं एक विचारधारा और विश्वास पर चलने वाला व्यक्ति हूं। मैं एक ऐसी पार्टी में हूं जिसने मुझे वह सब कुछ दिया है जिसके बारे में मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था। कोई भी प्रस्ताव मुझे लुभा नहीं सकता।
पीएम की रेस में रहे
बता दें कि नितिन गडकरी का नाम 2014 और 2019 के आम चुनावों से पहले संभावित प्रधानमंत्री उम्मीदवारों की चर्चा में लिया गया था। वे नागपुर निर्वाचन क्षेत्र से तीन बार सांसद चुने गए हैं और भाजपा में एक महत्वपूर्ण व्यक्ति बने हुए हैं।
लगातार तीन बार से सांसद
2024 के लोकसभा चुनाव में गडकरी ने नागपुर से अपने निकटतम कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी को 1,37,603 मतों से हराया। हालांकि, पिछले चुनावों की तुलना में उनकी जीत का अंतर 78,397 मतों से कम हुआ। 2019 में उन्होंने कांग्रेस के नाना पटोले को 2,16,000 मतों से हराया था।
गडकरी ने पहली बार 2014 में नागपुर से चुनाव लड़ा था, जब उन्होंने 2,84,828 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी। इन जीतों के बावजूद, उनकी हालिया जीत पिछले चुनावों की तुलना में कम अंतर दिखाती है।












Click it and Unblock the Notifications