कोरोना से लड़ाई के लिए एक साल तक सैलरी का 30 फीसदी पीएम केयर फंड में देंगे राष्ट्रपति कोविंद
नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अपने वेतन का 30 फीसदी हिस्सा पीएम केयर फंड में दान करेंगे। एक साल तक लगातार उनकी सैलरी से ये पैसा पीएम फंड में जाएगा। कोरोना वायरस से जुड़े कामों में इस्तेमाल के लिए बनाए गए इस फंड इससे पहले राष्ट्रपति ने अपना एक महीने का वेतन भी दान किया था। अब उन्होंने एक साल तक सैलरी का 30 फीसदी इस फंड में देने का फैसला लिया है।

राष्ट्रपति भवन की ओर से जानकारी दी गई है कि राष्ट्रपति ने अपने लिए स्पेशल लिमोसिन कार की खरीद को स्थगित करने का फैसला किया है। कई समारोह में और भोजों के दौरान होने वाले खर्चों को भी कम करने का फैसला लिया गया है। इस तरह के कार्यकर्मों में सजावट पर कम खर्च होगा, खाने के मेनू को सीमित किया जाएगा और मेहमानों की लिस्ट की कम की जाएगी।
राष्ट्रपति ने घरेलू कार्यक्रमों को भी बेहद सीमित करने का फैसल लिया है। जिससे सोशल डिस्टेंसिंग भी रहेगी और इस तरह के कार्यक्रमों के खर्च को भी कम किया जा सकेगा। राष्ट्रपति वीडियो के जरिए ही लोगों से जुड़ेंगे और सीधे तौर पर कार्यक्रमों में ना जाने की कोशिश करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना से इससे निपटने के लिए 28 मार्च को इस 'इमर्जेंसी फंड' का एलान किया था। पीएम ने सभी लोगों से इस फंड में डोनेट करने की अपील भी की थी। जिसके बाद राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अपना एक महीने का वेतन दान किया था। उनके अलावा भी फिल्म,राजनीति और खेल जगत की कई हस्तियों ने इसमें दान किया है।
बुधवार को प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में पीएम केयर फंड से 3100 करोड़ रुपये दिए जाने की घोषणा की गई है। जारी बयान बताया गया है कि 3100 करोड़ में से 2 हजार करोड़ रुपये वेंटिलेटर खरीद के लिए इस्तेमाल किए जाएंगे। 1 हजार करोड़ रुपये का इस्तेमाल प्रवासी मजदूरों के कल्याण के लिए किया जाएगा और 100 करोड़ रुपये वैक्सीन के डिवलेपमेंट पर खर्च किए जाएंगे।
बता दें कि कोरोना वायरस का खतरा देश और दुनिया में लगातार बढ़ता जा रहा है। भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 78 हजार के पार पहुंच चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 3722 नए मामले सामने आए हैं और 134 लोगों की मौत हुई है। जिसके बाद देश में भारत में कोविड-19 पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 78,003 हो चुकी है और कुल 2549 लोगों की जान अबतक इस वायरस के चपेट में आने से हुई है। देश में इस समय 49,219 एक्टिव केस हैं यानी इन लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं 26,235 मरीज अब तक रिकवर हुए हैं और ठीक होकर घर जा चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications