कुंभ : यूट्यूब, दूरदर्शन और रेडियो पर सुबह 5:55 बजे से देखें और सुने कुंभ मेला का लाइव प्रसारण
प्रयागराज। प्रयाग में शुरू हो चुके कुंभ की अद्वितीय छटा और यहां की रेती पर फैले अध्यात्म की आभा के बीच सुबह जब संगम स्नान के लिए अखाड़ों का शाही जुलूस निकलेगा उस पल को आप अपने घर पर भी बैठ कर देख सकेंगे और सुन सकेंगे। जी हां, अगर आप कुंभ मेला में प्रथम शाही स्नान के दिन नहीं पहुंच पा रहे हैं तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। दूरदर्शन और रेडियो पर शाही स्नान के पूरे दिन का सजीव प्रसारण किया जाएगा। गंगा यमुना के मिलन स्थल पर सनातन संस्कृति की हिलोर मारती श्रद्धा और आस्था की डुबकी को आप टीवी व रेडियो पर महसूस कर सकेंगे। मंगलवार सुबह 5:55 से रेडियो व दूरदर्शन पर कुंभ मेले से शाही स्नान का सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके साथ डीडी यूपी व डीडी इंडिया पर भी कुंभ का लाइव आप देख सकते हैं । जबकि यूट्यूब पर भी लाइव स्ट्रीमिंग होगी।

पहली बार विशेष व्यवस्था
कुंभ के राष्ट्रीय पर्व को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रसार भारती के दोनों राष्ट्रीय प्रसारको, दूरदर्शन व आकाशवाणी ने प्रयागराज कुंभ की कवरेज के लिए बड़े पैमाने पर तैयारी की है और यहां से सीधा प्रसारण होगा। आकाशवाणी पर इसके लिए कुंभवाणी नाम से एक अलग एफएम ट्रांसमीटर के स्थापना की गई है और यह आकाशवाणी इलाहाबाद द्वारा प्रसारित किया जाएगा। सुबह 5:55 से आंखों देखा हाल आप सुन सकेंगे । इसके लिए मेला क्षेत्र में स्टूडियो की व्यवस्था भी की गई है।

यूट्यूब पर होगा लाइव स्ट्रीमिंग
इसके अलावा आकाशवाणी पहली बार कुंभ वाणी एफएम चैनल पर प्रसारित अपने सभी कार्यक्रमों को यूट्यूब पर लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए दिखाएगा। अभी जो कार्ययोजना तैयार है उसके अनुसार सभी मुख्य स्नान पर्वों को प्रसारित किया जाना है। जो मकर संक्रांति से शुरू होकर बसंत पंचमी तक लागू रहेगा। आकाशवाणी ने शाही स्नान के लाइव कवरेज और कमेंट्री के लिए एक दर्जन से अधिक बूथ भी स्थापित किए हैं और यहीं से सीधे कार्यक्रम संचालित होगा ।वहीं, दूरदर्शन पर 15 जनवरी से कुंभ मेले को लेकर विशेष कार्यक्रमों का प्रसारण शुरू होगा और हर दिन लगभग 3 घंटे का कार्यक्रम मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर ही आधारित रहेगा। इसके लिए दूरदर्शन ने पूरे मेला क्षेत्र में एक दर्जन स्थानों पर मल्टी कैमरा स्थापित करवाया है। जिससे बेहतरीन फुटेज दर्शकों तक पहुंचाई जा सकेगी।

103.1 मेगाहर्ट्ज पर करें ट्यून
ऑल इंडिया रेडियो के सहायक निदेशक कार्यक्रम प्रमुख, मंजुल किशोर वर्मा के अनुसार रेडियो चैनल का नाम कुंभवाणी होगा और इसे 103.1 मेगाहर्ट्ज पर ट्यून किया जा सकेगा। चैनल पर हर दिन 15 घंटे का प्रसारण होगा। जो सुबह 5.15 बजे से शुरू होकर रात्रि 10.15 बजे तक जारी रहेगा। फिलहाल प्रयाग में लगने वाला इस बार का कुंभ बेहद ही वैभवशाली होगा। क्योंकि राज्य सरकार से लेकर केंद्र सरकार इस कुंभ मेले को लेकर पूरी तरह से अपना ध्यान लगाए हुए हैं । इस वर्ष पूरी दुनिया से सैलानियों के साथ विश्व मीडिया का जमावड़ा प्रयागराज में होगा। ऐसे में भारत की ख्याति आध्यात्मिक गुरु के रुप में पूरे विश्व में फैले ऐसे प्रयास किया जा रहा है । यह तय है कि देश के हर हिस्से में किसी ना किसी माध्यम से लोगो तक कुंभ मेले की भव्यता का बखान पहुंचाया जाना है । ऐसे में दूरदर्शन व रेडियो चैनल उसी कड़ी का बडा हिस्सा माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें- कुंभ में प्रथम शाही स्नान के लिए अखाड़ों का समय निर्धारित, भूलकर भी ना करें ये काम












Click it and Unblock the Notifications