पूनम सिन्हा को लखनऊ से जीत का भरोसा, बोलीं- जानते नहीं हैं किसकी पत्नी हूं
नई दिल्ली। गृहमंत्री राजनाथ सिंह को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से चुनौती देने उतरी शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा को अपनी जीत का पूरा भरोसा है। पूनम सिन्हा का कहना है कि वह भी अपने पति का मशहूर डॉयलॉग खामोश बोलेंगी। सिन्हा का मानना है कि इस बार के चुनावी हालात 2014 की तुलना में बिल्कुल अलग हैं। लोगों में काफी नाराजगी है, यह 2019 है, 2014 नहीं। जहां भी मैं चुनाव प्रचार करने के लिए जाती हूं लोग बदलाव की बात कर रहे हैं, लिहाजा मेरे लिए यह बिल्कुल अनुकूल समय है।

भाजपा का गढ़
बता दें कि आज उत्तर प्रदेश की 14 लोकसभा सीटों पर लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। लखनऊ काफी लंबे समय से भाजपा का गढ़ रहा है। यहां पर पार्टी 1991 से चुनाव लड़ती आ रही है और लगातार यहां से जीत भी दर्ज करती आ रही है, यहां से खुद अटल बिहारी वाजपेयी चुनाव लड़ते आए हैं। लिहाजा पार्टी को लखनऊ को लेकर कोई खास चिंता नहीं है। विपक्षी वोटों की बात करें तो सपा और बसपा के वोटों बंटे हुए दिख रहे हैं। एक तरफ जहां महागठबंधन की ओर से पूनम सिन्हा तो कांग्रेस की ओर से आचार्य प्रमोद कृष्णन को टिकट दिया गया है।
लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पिछले चुनाव में बड़ी जीत
वर्ष 2014 के चुनाव नतीजों की बात करें तो भाजपा ने यहां से भारी मतों से जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस यहां दूसरे पायदान पर रही थी और सपा-बसपा तीसरे और चौथे स्थान पर। पूनम सिन्हा अपनी जीत को लेकर काफी आश्वस्त हैं, जब उनसे पूछा गया कि क्या आप डरी हुई हैं तो उन्होंने पूछा आप नहीं जानते हैं कि मैं किसकी पत्नी हूं। उनकी वजह से मेरे भीतर पहले से ही थोड़ा भरोसा है। मैं बहुत खुश हूं और आश्वस्त हूं कि मैं यहां से अच्छी टक्कर दूंगी और उम्मीद है कि जीत भी दर्ज करूंगी।

लखनऊ में हमारे कई रिश्तेदार
पूनम सिन्हा पर पैराशूट उम्मीदवार होने का आरोप लग रहा है। इसपर उनका कहना है कि हमारे यहां पर काफी सारे दोस्त और रिश्तेदार हैं। यह मेरे लिए नई जगह नहीं है, बावजूद इसके कि मेरे नाम की घोषणा काफी देर से हुई है। बता दें कि पूनम सिन्हा के लिए खुद उनके पति शत्रुघ्न सिन्हा लखनऊ में प्रचार करने के लिए आए थे। यही नहीं उनकी बेटी सोनाक्षी सिन्हा भी मां के लिए रोड शो करने आई थीं।

शत्रुघ्न सिन्हा प्रचार करने पहुंचे थे
दिलचस्प बात यह है कि शत्रुघ्न सिन्हा कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए हैं। लेकिन वह लखनऊ में कांग्रेस उम्मीदवार के लिए प्रचार करने नहीं पहुंचे और महागठबंधन की उम्मीदवार पूनम सिन्हा के लिए प्रचार करने पहुंचे थे। इसपर पूनम का कहना है कि वह व्यक्तिगत तौर पर यहां मेरे लिए आए थे। कोई भी पति अपनी पत्नी के लिए यह करेगा। लोग बेवजह इसको बड़ा बना रहे हैं। ।












Click it and Unblock the Notifications