CM महबूबा मुफ्ती ने कहा- नेहरू से लेकर मोदी तक, कश्मीर के हालात के लिए राजनीति है जिम्मेदार
श्रीनगर। जम्मू कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने सोमवार को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एक कार्यक्रम में कहा कि राज्य में फैली अशांति के लिए केंद्र की सरकारें जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि जवाहर लाल नेहरू के समय से लेकर अब तक जितनी भी सरकारें आई हैं, कश्मीर के स्थिति के लिए राजनीतिक पार्टियां ही जिम्मेदार हैं।

मुफ्ती ने कहा, 'बंदूकें चाहे आतंकियों की हों या हमारी हों, बंदूक से कोई मसला हल नहीं होगा।' उन्होंने राज्य के वर्तमान हालात पर चिंता जाहिर की और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि केंद्रीय नेतृत्व की वजह से राज्य में कानून-व्यवस्था का हाल बेहाल हो गया है।
'अंधी हो गई है युवा पीढ़ी'
सीएम महबूबा मुफ्ती ने युवाओं पर नाराजगी जताते हुए कहा, 'राज्य के हालात के लिए कौन जिम्मेदार है? मैं क्या कर सकती हूं, आईआईएम और आईआईटी जैसे संस्थान होने के बाद भी जिन छात्रों को पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए वे अंधे हो गए हैं।'
'एनकाउंटर होते थे, होते रहेंगे'
मुफ्ती ने कहा कि राज्य में पहले भी एनकाउंटर होते रहे हैं और आगे भी होंगे लेकिन इसमें उनकी सरकार का क्या दोष है? उन्होंने कहा, 'मैं वादा करती हूं कि मेरे निर्देशों के खिलाफ काम करने वाले पुलिसकर्मियों और सुरक्षाबलों पर कार्रवाई जरूर होगी।'
बता दें कि बीते महीने कश्मीर में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकी बुरहान की मौत के बाद घाटी में हिंसा भड़क उठी। इसका असर अब तक देखने को मिल रहा है। कश्मीर घाटी के कई इलाकों में कर्फ्यू भी लगाना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications