VIDEO: कोरोना को हराकर वापस ड्यूटी पर लौटा पुलिस का जवान, थाने में ढोल-नगाड़े के साथ हुआ भव्य स्वागत
नई दिल्ली। कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में देश के कोरोना योद्धा भी महामारी की चपेट में आ रहे हैं। लॉकडाउन के बीच भी पुलिसकर्मी, मेडिकल स्टाफ, सफाईकर्मी सहित हर कोई अपनी जान जोखिम में डालकर अपनी जिम्मेदारी पूरी इमानदारी से निभा रहा है। इसी बीच कई पुलिसकर्मियों के भी कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की खबरें सामने आई हैं। दिल्ली के ओखला मंडी में तैनात अमर कॉलोनी थाने के 5 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव हुए थे इनमें एक कांस्टेबल प्रवीण अब ठीक होकर अपने काम पर वापस लौट चुके हैं। जब ठीक होकर वापस लौटे तो साथी पुलिसकर्मियों ने उनका जबरदस्त स्वागत किया।

सोशल मीडिया पर कांस्टेबल प्रवीण के स्वागत का एक वीडियो भी वायरल हुआ है जिसमें देखा जा सकता है कि ढोल-नगाड़ों के साथ साथी पुलिसकर्मी फूल की माला पहनाकर उनका स्वागत कर रहे हैं। प्रवीण कुछ दिनों पहले कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे अब वह महामारी को हराकर वापस अपनी ड्यूटी के लिए पुलिस स्टेशन पहुंच गए हैं। एसएचओ अमर कॉलोनी अनंत गुंजन ने बताया कि देशव्यापी लॉकडाउन में ड्यूटी के दौरान अमर कॉलोनी थाने के एक एसएसआई समेत 5 पुलिसकर्मी कोरोनो पॉजिटिव हो गए थे। इनमें से चार का इलाज अभी चल रहा है जबकि कॉन्सटेबल प्रवीण अब बिल्कुल ठीक हो चुके हैं।
सोशल मीडिया पर यह वीडियो एनडीटीवी के सीनियर एडिटर मुकेश सिंह सेंगर ने अपने ट्विटर हैंडल पर पोस्ट किया है। वीडियो के साथ कैप्शन में उन्होंने कॉन्सटेबल प्रवीण के भव्य स्वागत और काम पर वापस लौटने की जानकारी दी है। मिली जाकारी के मुताबिक प्रवीण ने शनिवार के ड्यूटी जॉइन की है, थाने के अंदर आते ही उनका ढोल-नगाड़े के साथ फूलों की माला के साथ भव्य स्वागात किया गया। सिर्फ इतना ही नहीं थाने में उनकी आरती भी उतारी गई। हालांकि कोरोना संक्रमण के चलते मर कॉलोनी थाने के अधिकतर स्टाफ को क्वारंटीन किया गया था, जो अब ड्यूटी पर वापस लौट आए हैं।












Click it and Unblock the Notifications