'पाकिस्तानी SSG कमांडो ने LOC बॉर्डर पर घुसपैठ की, सरकार सच्चाई छिपा रही', POK के एक्टिविस्ट का बड़ा दावा
Amjad Ayub Mirza News: पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर यानी POK के मशहूर और जाने-माने एक्टिविस्ट और राजनीतिक कार्यकर्ता डॉ. अमजद अयूब मिर्जा ने जम्मू कश्मीर में एक हमले की आशंका जताई है। अपने सोशल मीडिया पोस्ट में डॉ. अमजद अयूब मिर्जा एक के बाद एक कई चौंकाने वाले दावे कर रहे हैं।
उनका दावा है कि पाकिस्तानी सेना फिर से कारगिल जैसे भारत में घुसपैठ कर हमले की साजिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया है कि 600 पाकिस्तानी कमांडो जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में छिपे हैं। अब उन्होंने सोमवार (29 जुलाई) को किए सोशल मीडिया पोस्ट एक्स (ट्विटर का बदला हुआ नाम) में चिंता जताई है कि भारत सरकार और मीडिया इसपर ध्यान क्यों नहीं दे रही है।

राजनीतिक कार्यकर्ता डॉ. अमजद अयूब मिर्जा का दावा- पाकिस्तानी SSG कमांडो ने की घुसपैठ
पाकिस्तान राजनीतिक कार्यकर्ता डॉ. अमजद अयूब मिर्जा ने सोमवार (29 जुलाई) को किए ट्वीट में लिखा, ''पाकिस्तानी एसएसजी (SSG) कमांडो ने 7 से 12 किलोमीटर की मानवरहित एलओसी सीमा पर 50 के समूहों में घुसपैठ की। मुझे हैरानी है कि हमारे भारतीय मीडिया ने इस पर ध्यान नहीं दिया और सरकार भारतीय जनता से सच्चाई छिपा रही है।''
डॉ. अमजद अयूब मिर्जा ने आगे कहा, ''पाकिस्तान ने आज लाओस में 31वें 31वें आसियान में बात की और 'कश्मीर और गाजा' का मुद्दा उठाया! लेकिन हम अंतरराष्ट्रीय कूटनीतिक मोर्चे पर अनुपस्थित हैं, पूरी तरह से अनुपस्थित हैं। क्यों? कोई क्यों नहीं सुन रहा है? देख क्यों नहीं रहा है? और उसके अनुसार काम क्यों नहीं कर रहा है?''
डॉ. अमजद अयूब मिर्जा बोले- यह बिल्कुल वैसा ही है जैसा कारगिल में हुआ था
डॉ. अमजद अयूब मिर्जा ने कहा, ''यह बिल्कुल वैसा ही है जैसा कारगिल में हुआ था। जब पाकिस्तान हमारे संप्रभु क्षेत्र में घुसा तो भारतीय खुफिया एजेंसियां खर्राटे ले रही थीं। इस घोर लापरवाही के लिए किसी को जवाबदेह होना चाहिए।''
डॉ. अमजद अयूब मिर्जा पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के मीरपुर के एक लेखक और मानवाधिकार कार्यकर्ता हैं। डॉ. अमजद अयूब मिर्जा फिलहाल वर्तमान में ब्रिटेन में निर्वासन में रह रहे हैं।
डॉ. अमजद अयूब मिर्जा का दावा- पाकिस्तानी सेना छेड़ सकती है जंग!
अपने पहले पोस्ट में दावा किया था कि 600 पाकिस्तानी कमांडो कुपवाड़ा क्षेत्र और अन्य जगहों पर छिपे हैं। कथित तौर पर एसएसजी जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) मेजर जनरल आदिल रहमानी जम्मू क्षेत्र में हमला करने की योजना बना रहा है।
हालांकि सोमवार को फिर से किए अपने पोस्ट में डॉ. अमजद अयूब मिर्जा ने कहा है कि, ''मैंने कभी यह दावा नहीं किया कि एसएसजी की इस बटालियन ने भारतीय सेना पर हमला किया है। मैं इस खबर पर कायम हूं कि 600 लोग जम्मू और कश्मीर में घुसपैठ कर चुके हैं। आने वाले दिनों में वे तबाही मचाने की योजना बना रहे हैं। मैं अब पुष्टि कर सकता हूं कि वे AK-47 राइफल, RPG-7, पिस्तौल और खंजर से लैस हैं। मेरे भगवान शिव हमारी भारत माता को उनके बुरे इरादों से बचाएं।''
डॉ. अमजद अयूब मिर्जा का दावा-कश्मीर के किस इलाके में कितने घुसपैठिए
राजनीतिक कार्यकर्ता डॉ. अमजद अयूब मिर्जा ने दावा किया है कि, ''उरी में 150 लोगों का समूह घुसा, जो 50-50 के तीन ग्रुप में बंट गया है। पुंछ में 150 का लोगों का समूह घुसा, जो 50-50 के तीन ग्रुप में बंट गया है। वहीं राजौरी में 150 एसएसजी कमांडो ने घुसपैठ की, जो बाद में 50-50 के तीन ग्रुपों में बंट गए हैं। वहीं 50 पाकिस्तानी सेना के जवान एसएसजी बटालियन को मदद कर रहे हैं। 100 रिजर्व जवान एलओसी पर तैनात हैं। उन्हें स्थानीय लोगों के भेष में भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ कराया गया है। अब वे छिपने और भविष्य में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए स्थानीय आबादी में शामिल हो गए हैं।''












Click it and Unblock the Notifications