PM SVANidhi Yojana: छोटे कारोबारियों को 13 हजार करोड़ की मदद, PM स्वनिधि योजना ने कैसे बदली वेंडर्स की जिंदगी?
PM SVANidhi Yojana: कोरोना महामारी के दौरान जब लाखों छोटे दुकानदार और रेहड़ी‑पटरी वाले अपने कारोबार को बंद करने पर मजबूर हो गए थे, तब सरकार ने उनके लिए उम्मीद की एक किरण दिखाई। इसी मुश्किल वक्त में सरकार ने उनके लिए एक राहत योजना शुरू की। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना (PM SVANidhi Yojana) की शुरुआत 1 जून 2020 को हुई और इसने अब तक करोड़ों रुपये का बिना गारंटी लोन देकर लाखों परिवारों की जिंदगी बदल दी है।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का मकसद छोटे विक्रेताओं को बिना गारंटी का आसान ऋण देकर फिर से उनके कारोबार को खड़ा करना है। इस योजना न केवल आर्थिक मदद देती है बल्कि समय पर भुगतान करने वालों को ब्याज सब्सिडी और डिजिटल पेमेंट पर कैशबैक भी प्रदान करती है। अब सरकार इस योजना के दूसरे चरण को लाने की तैयारी कर रही है, जिससे और भी ज्यादा वेंडर्स को फायदा मिलेगा।

किसे मिलता है लाभ?
यह योजना उन लोगों के लिए है जो शहरों या कस्बों में सड़क पर सामान बेचते हैं। सब्जी, फल, चाट, कपड़े, चाय या अन्य चीजें बेचने वाले विक्रेता इसमें शामिल हैं। जरूरी है कि वे 24 मार्च 2020 या उससे पहले अपना काम कर रहे हों और स्थानीय निकाय में रजिस्टर्ड हों।
ये भी पढ़ें: PM Kisan Nidhi: इस दिन किसानों के खातों में आएगी 20वीं किस्त की राशि, पीएम मोदी काशी से करेंगे एलान
कितनी मिलती है मदद
- योजना के तहत पहली बार में 10,000 रुपये का लोन दिया जाता है।
- समय पर लोन चुकाने वालों को अगली बार 20,000 रुपये और फिर तीसरी बार में 50,000 रुपये तक का लोन मिल सकता है।
- लोन पर 7% वार्षिक ब्याज सब्सिडी भी दी जाती है, जो सीधे बैंक खाते में आती है।
- डिजिटल पेमेंट करने पर हर साल 1,200 रुपये तक कैशबैक भी मिलता है।
अब तक कितने लोगों को फायदा
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अब तक देशभर में 94 लाख से ज्यादा छोटे विक्रेताओं को 13,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के लोन दिए जा चुके हैं। इस योजना ने लाखों परिवारों को फिर से आत्मनिर्भर बनाया है।
आवेदन कैसे करें
- नजदीकी बैंक शाखा या कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) जाएं।
- वहां से फॉर्म लेकर आधार कार्ड, बैंक पासबुक और जरूरी दस्तावेज के साथ जमा करें।
- ई-केवाईसी पूरी करने के बाद बैंक आपके लोन को मंजूरी देगा और राशि सीधे खाते में भेज दी जाएगी।
- समय पर भुगतान करने पर आपको अगली किश्त के लिए और ज्यादा लोन मिलेगा।
- इसके अलावा आप pm.svanidhi.gov.in वेबसाइट या मोबाइल ऐप से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आने वाला दूसरा चरण
सरकार जल्द ही PM स्वनिधि 2.0 शुरू करने जा रही है। इसमें ज्यादा लोन और और भी बेहतर सुविधाएं मिलने की संभावना है।
क्यों है खास?
यह योजना सिर्फ आर्थिक मदद ही नहीं देती बल्कि डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देती है और छोटे कारोबारियों को बैंकिंग सिस्टम से जोड़ती है। यही वजह है कि आज लाखों वेंडर्स अपने पैरों पर खड़े होकर फिर से कारोबार चला पा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: PMFBY: क्या है प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना? कब से हुई शुरू, कौन ले सकता है लाभ, जानिए हर डिटेल












Click it and Unblock the Notifications