PM Kisan Nidhi: इस दिन किसानों के खातों में आएगी 20वीं किस्त की राशि, पीएम मोदी काशी से करेंगे एलान
PM Kisan Nidhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो अगस्त को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह 'प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना' की 20वीं किस्त देशभर के किसानों को जारी करेंगे। प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम सेवापुरी के बनौली गांव स्थित जनसभा स्थल पर आयोजित किया जाएगा, जहां वह जनसभा को संबोधित भी करेंगे।
केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत लाखों किसानों को आर्थिक सहायता दी जाती है। यह भी बता दें कि इसके पहले 17वीं किस्त भी प्रधानमंत्री ने 18 जून 2024 को वाराणसी से ही जारी की थी। इस बार भी वह मंच से एक बटन दबाकर राशि जारी करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री दिव्यांगजनों को सहायक उपकरणों का भी वितरण करेंगे।

प्रधानमंत्री का वाराणसी में यह कार्यक्रम लगभग तीन घंटे का होगा। वह सुबह करीब 10.30 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे और वहां से सीधे बनौली स्थित कार्यक्रम स्थल जाएंगे। एलिम्को की ओर से दिव्यांगजनों के लिए तैयार किए गए 216 मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, 400 हियरिंग डिवाइस और 500 व्हीलचेयर का वितरण किया जाएगा। लाभार्थियों का चयन पहले ही कर लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने लिया तैयारियों का जायजा
प्रधानमंत्री के आगमन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को तैयारियों की समीक्षा की। वह सेवापुरी ब्लॉक के बनौली गांव पहुंचे और जनसभा स्थल का गहन निरीक्षण किया। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान बारिश से बचाव की मुकम्मल व्यवस्था की जाए।
सीएम योगी ने कहा कि दिव्यांगजनों के लिए सभास्थल तक पहुंचने के लिए अलग से सड़क बनाई जाए ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही उन्होंने वैकल्पिक मार्गों और सुरक्षा इंतजामों की व्यवस्था को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए।
जनसभा स्थल पर होगी सभी बुनियादी सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर शौचालय, पेयजल, हवा और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि मौसम को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
ट्रैफिक और पार्किंग को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए हैं। सीएम ने कहा कि आने-जाने वाले वाहनों के लिए समुचित पार्किंग और मार्गनिर्देशन की व्यवस्था की जाए ताकि भीड़ के बावजूद यातायात में कोई बाधा न हो।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी
सीएम योगी के निरीक्षण के दौरान कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इनमें श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, आयुष राज्य मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, विधायक सुशील सिंह और अन्य भाजपा नेता शामिल रहे।
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सीधे हेलीकॉप्टर से प्रयागराज के लिए रवाना हो गए। वाराणसी प्रशासन ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की सफलता के लिए सुरक्षा और प्रबंधन को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications