'इस बार 40 सीटें पार नहीं कर पाएगी कांग्रेस', राज्यसभा में PM Modi का दावा
PM Modi Rajya Sabha Speech: लोकसभा के बाद अब बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब दे रहे हैं। अपने भाषण में पीएम मोदी ने दावा करते हुए कहा कि इस बार कांग्रेस 40 सीटें पार भी नहीं कर पाएगी।
अपने संबोधन की शुरुआत में पीएम मोदी ने सदन को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संबोधन में भारत की क्षमता, ताकत और उज्ज्वल भविष्य के बारे में बात की। मैं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को धन्यवाद देता हूं।

'कांग्रेस 40 का आंकड़ा पार नहीं कर पाएगी'
कांग्रेस के घेरते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल से आपके सामने चुनौती खड़ी हो गई है कि कांग्रेस 40 का आंकड़ा (लोकसभा चुनाव 2024 में) पार नहीं कर पाएगी। मैं प्रार्थना करता हूं कि आप 40 सीटें सुरक्षित करने में सक्षम हों।
मैं पूरी तैयारी के साथ आया हूं- मोदी
वहीं इसके बाद उन्होंने विपक्षी दल कांग्रेस को घेरना शुरू किया। पीएम मोदी अपने चिरपरिचित अंदाज में नजर आए। पीएम मोदी ने कहा, "मुझे पिछले साल की घटना याद है। हम उस सदन में बैठते थे और देश के पीएम की आवाज को दबाने की कोशिश की जाती थी। आज भी आप न सुनने के तैयार के साथ आए हैं। लेकिन आप मेरी आवाज नहीं दबा सकते। देश की जनता ने इस आवाज को ताकत दी हुई है। मैं भी इस बार पूरी तैयारी के साथ आया हूं।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहा, ''मैं उस दिन तो नहीं कह सका लेकिन मैं खरगे जी का विशेष आभार व्यक्त करता हूं। मैं उस दिन उनकी बातें बहुत ध्यान से और आनंद से सुन रहा था। लोकसभा में हमें मनोरंजन की जो कमी खल रही थी, वह उन्होंने पूरी कर दी।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "एक बात खुशी की रही कि उन्होंने (मल्लिकार्जुन खरगे) जो 400 सीट एनडीए के लिए आशीर्वाद दिया है और आपका आशीर्वाद मेरे सर आंखों पर।''
'हमारी आपके प्रति संवेदनाएं'
पीएम मोदी ने कहा, " मेरा विश्वास पक्का हो गया है कि कांग्रेस पार्टी सोच से भी आउटडेटेड हो गई है। जब सोच ही आउटडेटेड हो गई है, तो इन्होंने अपना कामकाज भी आउटसोर्स कर दिया है। देखते ही देखते इतना बड़ा दल, इतने दशकों तक देश पर राज करने वाले दल का ऐसा पतन! हमें खुशी नहीं हो रही बल्कि हमारी आपके प्रति संवेदनाएं हैं।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "जिस कांग्रेस ने सत्ता के लालच में सरेआम लोकतंत्र का गला घोंट दिया था, जिस कांग्रेस ने दर्जनों बार लोकतांत्रिक तरीके से आई सरकारों को रातों-रात बर्खास्त कर दिया था, जिस कांग्रेस ने अखबारों पर भी ताले लगाने की कोशिश की थी, अब देश को तोड़ने का नैरेटिव उस कांग्रेस ने गढ़ना शुरू कर दिया है। अब देश को उत्तर-दक्षिण में तोड़ने के बयान दिए जा रहे हैं।"
राहुल गांधी पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "जिस कांग्रेस ने ओबीसी को पूरी तरह से आरक्षण नहीं दिया, कभी सामान्य वर्ग के गरीबों को आरक्षण नहीं दिया, जिसने बाबा साहब को भारत रत्न देने योग्य नहीं समझा, वह सिर्फ अपने परिवार को ही भारत रत्न देते रहे। वे अब हमें सामाजिक न्याय का उपदेश दे रहे हैं और पाठ पढ़ा रहे हैं।" उन्होंने राहुल गांधी को घेरते हुए कहा कि जिनके पास नेता के रूप में कोई गारंटी नहीं है वे मोदी की गारंटी पर सवाल उठा रहे हैं।
फिर नेहरू के बहाने काग्रेस को घेरा
पीएम मोदी ने कहा, "एक बार नेहरू जी ने मुख्यमंत्रियों को चिट्ठी लिखी थी, जिसमें लिखा था कि 'मैं किसी भी आरक्षण को पसंद नहीं करता और खासकर नौकरी में आरक्षण तो कतई नहीं। मैं ऐसे किसी भी कदम के खिलाफ हूं जो अकुशलता को बढ़ावा दे, जो दोयम दर्जे की तरफ ले जाए।' इसी के आधार पर मैं कहता हूं कि कांग्रेस आरक्षण की जन्मजात विरोधी है।"
पीएम ने आगे कहा कि नेहरू जी कहते थे कि अगर SC/ST, OBC को नौकरी में आरक्षण मिला तो सरकारी कामकाज का स्तर गिर जाएगा। आज जो ये आंकड़े गिनाते हैं, उसका मूल यही है। अगर उस समय सरकार में भर्ती हुई होती, तो वो प्रमोशन के बाद आगे बढ़ते और आज यहां पहुंचते।
पीएम मोदी ने अपने बयान में कहा कि नेहरू जी ने जो कहा वो कांग्रेस के लिए हमेशा से पत्थर की लकीर होता है। दिखावे के लिए आप कुछ भी कहें, लेकिन आपकी सोच ऐसे कई उदाहरणों से सिद्ध होती है। कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर के SC/ST, OBC को सात दशकों तक उनके अधिकारों से वंचित रखा।












Click it and Unblock the Notifications