अरुणाचल प्रदेश में बर्फीले तूफान से सात जवानों की मौत, पीएम मोदी, राहुल गांधी ने जताया शोक
नई दिल्ली, 8 फरवरी: अरुणाचल प्रदेश में बर्फीले तूफान की चपेट में आकर भारतीय सेना के सात जवानों की जान चली गई है। सात जवानों की मौत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल सीएम ममता बनर्जी समेत तमाम नेताओं ने दुख जताया है। पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा, अरुणाचल प्रदेश में हिमस्खलन के कारण अपनी जान गंवाने वाले भारतीय सेना के जवानों के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जाहिर करता हूं। देश के लिए उनकी अनुकरणीय सेवा को कभी नहीं भूला जा सकेगा।

राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में लिखा, अरुणाचल प्रदेश में हिमस्खलन त्रासदी में सेना के जवानों की मौत के बारे में जानकर दुख हुआ। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। हम शहीदों को सलाम करते हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दुख जताते हुए कहा है कि अरुणाचल प्रदेश में हिमस्खलन के कारण सैनिकों की मौत शब्दों से परे एक त्रासदी है। वीर जवानों ने देश की सेवा के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। उनका निस्वार्थ बलिदान हमेशा याद किया जाएगा।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट किया, अरुणाचल प्रदेश के बर्फीले तूफान में हमारे सात बहादुर जवानों की दुर्भाग्यपूर्ण मौत की खबर से दुखी हूं। हमारे जवान निस्वार्थ भाव से हमारी रक्षा और सुरक्षा के लिए काम कर रहे हैं। जवानों को मेरा सलाम। उनके परिजनों और सहकर्मियों के प्रति संवेदनाएं।
सात जवानों की गई है जान
रविवार को हिमाचल प्रदेश में बर्फीले तूफान के बाद सेना के गश्ती दल के ये जवान हिमस्खलन की चपेट में आ गए थे। इसके बाद से सेना का राहत एवं बचाव दल उनकी तलाश में जुटा था। मंगलवार को इन जवानों के शव मिले हैं। सेना के इन जवानों के शव अरुणाचल प्रदेश के कामेंग सेक्टर के ऊंचाई वाले हिस्से में मिले हैं। भारतीय सेना ने मंगलवार को हिमस्खलन में लापता सेना के सात जवानों की मौत की पुष्टि की है।












Click it and Unblock the Notifications