Asian Games: '100 मेडल पार करने के लिए आपने दिन-रात एक कर दिया', PM मोदी ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
Pm Narendra Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज एशियाई खेलों के विजेताओं से बातचीत करते हुए सभी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आपलोगों ने इतिहास रच दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि मुझे गर्व है कि हमारी 'नारी शक्ति' ने एशियाई खेलों में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। यह भारत की बेटियों की क्षमता के बारे में बताता है।
पीएम मोदी ने कहा कि आप सभी खिलाड़ियों ने जो पराक्रम दिखाया है, जो पुरुषार्थ किया है, जो परिणाम दिया है, उसके कारण देश के हर कोने में एक उत्सव का माहौल है। 100 मेडल पार करने के लिए आपने दिन-रात एक कर दिया। एशियन गेम्स में आप सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन से पूरा देश गौरव की अनुभूति कर रहा है।

आप सभी ने आने वाली पीढ़ियों के एथलीटों के लिए मार्ग प्रशस्त किया है: पीएम
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आप सभी ने आने वाली पीढ़ियों के एथलीटों के लिए मार्ग प्रशस्त किया है। एशियाई खेलों में प्रदर्शन से ओलंपिक में हमारे खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा। भारत की 'नारी शक्ति' ने भारतीय महिलाओं की क्षमताओं को प्रदर्शित करते हुए अनुकरणीय प्रदर्शन किया है। जीते गए कुल पदकों में से आधे से अधिक पदक हमारी महिला एथलीटों के हैं।
नया भारत अंतिम परिणाम तक प्रयास छोड़ता नहीं है: पीएम मोदी
नया भारत अंतिम परिणाम तक, अंतिम विजय की घोषणा होने तक अपना प्रयास छोड़ता नहीं है। नया भारत अपना सर्वश्रेष्ठ देने की, सर्वश्रेष्ठ करने की कोशिश करता है। हमारा प्रयास है कि भारत के खिलाड़ियों को दुनिया की सबसे अच्छी सुविधा मिलें। हमारा प्रयास है कि भारत के खिलाड़ियों को देश-विदेश में खेलने के लिए ज्यादा से ज्यादा अवसर मिले। हमारा प्रयास है कि गांव-देहात में रहने वाले खेल प्रतिभा को भी ज्यादा से ज्यादा अवसर मिले।












Click it and Unblock the Notifications