PM Modi JD Vance Meeting: पीएम मोदी ने जेडी वेंस को गले लगाया, फिर बच्चों को दिल छू लेने वाला दिया तोहफा
PM Modi JD Vance Meeting: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और उनके परिवार का अपने सरकारी आवास 7 लोक कल्याण मार्ग पर गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने वेंस को गले लगाया और उनकी पत्नी उषा वेंस से बातचीत की।
खास बात ये रही कि पीएम मोदी ने वेंस के बच्चों - इवान, विवेक और मीराबेल - को मोर पंख भेंट किए, और खुद बच्चों के साथ खुले मन से मस्ती करते नजर आए। इस मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिसमें पीएम मोदी इवान और विवेक को गोद में लिए बातचीत करते दिख रहे हैं। आइए जानते हैं और क्या-क्या हुआ?

परिवार संग पहुंचे वेंस, बच्चों को मिला भारतीय अंदाज का अनुभव
जेडी वेंस अपनी पत्नी उषा वेंस और तीन बच्चों के साथ भारत की चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं। दिल्ली पहुंचने के बाद स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर का दौरा किया गया, जहां वेंस के बच्चे पारंपरिक भारतीय कपड़ों में नजर आए - इवान और विवेक ने कुर्ता-पायजामा पहना जबकि मीराबेल ने अनारकली ड्रेस के साथ कढ़ाई वाली जैकेट पहनी।
पीएम मोदी की खास मुलाकात और रात्रिभोज
प्रधानमंत्री ने वेंस परिवार को अपने आवास पर व्यक्तिगत रूप से स्वागत करते हुए गले लगाया, बच्चों के साथ समय बिताया और फिर अमेरिकी उपराष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय वार्ता की।
इस मीटिंग में व्यापार, टैरिफ और रणनीतिक साझेदारी जैसे मुद्दों पर बातचीत हुई। बाद में पीएम मोदी ने परिवार के लिए रात्रिभोज का आयोजन भी किया, जिसमें अमेरिकी अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल भी शामिल होगा।
भारत-अमेरिका संबंधों की दिशा में एक अहम कदम
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि यह यात्रा भारत-अमेरिका के बीच वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मौका है। वेंस परिवार मंगलवार को जयपुर और बुधवार को आगरा की यात्रा करेगा।
दिल छू लेने वाला पल: भारतीय संस्कृति का स्पर्श
मोर पंख भेंट करना भारतीय संस्कृति में शुभ और प्रतीकात्मक माना जाता है। पीएम मोदी का यह व्यक्तिगत और स्नेहिल इशारा न सिर्फ वेंस परिवार के दिल को छू गया, बल्कि भारत की अतिथि देवो भव: संस्कृति की झलक भी दुनिया को दिखा गया।












Click it and Unblock the Notifications