'डरो मत, भागो मत....' राहुल गांधी के अमेठी से चुनाव ना लड़ने पर पीएम मोदी ने ली चुटकी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राहुल गांधी को रायबरेली से लोकसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर तंज कसा है। राहुल गांधी का नाम लिए बिना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि शहजादे को मालूम है कि वह वायनाड से भी हारने वाले हैं। ये घूम-घूमकर लोगों से कहते हैं कि डरो मत लेकिन आज मैं उनसे कहना चाहता हूं कि वह डरे नहीं, भागे नहीं।
पीएम मोदी ने कहा कि मैंने पहले ही कहा था कि शहजादे वायनाड से हारने वाले हैं। हार के डर से वह मतदान समाप्त होने के साथ ही दूसरी सीट ढूंढ़ने लगेंगे। वह पहले अमेठी से डरकर भाग गए और अब वह रायबरेली में रास्ता खोज रहे हैं।

बता दें कि कांग्रेस ने रायबरेली और अमेठी दोनों ही सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। पिछले चुना में अमेठी से राहुल गांधी हार गए थे, जिसके बाद उनकी सीट में बदलाव करते हुए उन्हें रायबरेली से उम्मीदवार बनाया गया है। जबकि अमेठी से किशोरी लाल शर्मा को पार्टी ने टिकट दिया है।
राहुल गांधी मौजूदा समय में केरल की वायनाड सीट से सांसद हैं। लेकिन वायनाड के साथ राहुल गांधी ने रायबरेली से भी चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। गौर करने वाली बात है कि वायनाड में दूसरे चरण में मतदान हो चुका है।
पीएम मोदी ने कहा अब ना किसी ओपीनियन पोल, एग्जिट पोल की जरूरत है। पूरा देश बता रहा है कि क्या नतीजा होने वाला है। मैंने पहले हीसंसद में कहा था कि इनकी सबसे बड़ी नेता चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं करेगी, वह भाग जाएगी।
वह डरकर राजस्थान गईं और राज्यसभा आईं। मैंने पहले ही कहा था कि शहजादे वायनाड में हारने वाले हैं, हार के डर से जैसे ही मतदान समाप्त होगा, वो दूसरी सीट खोजने लग जाएंगे।
दूसरी सीट पर भी उनके चेले-चपाटे कह रहे थे कि अमेठी आएंगे, लेकिन वो इतना डर गए कि वहां से भागकर रायबरेली में रास्ता खोज रहे हैं। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि अरे डरो मत, भागो मत।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मुझे देश और आप सभी लोगों ने अपना आशीर्वाद दिया। आप लोगों ने लगातार इतना आशीर्वाद दिया, ईश्वर रूपी जनता जनार्दन अपना आशीर्वाद बरसा रही है, जीवन में इससे बड़ा संतोष क्या होता है। मैं मौज करने के लिए पैदा नहीं हुआ हूं, मैं खुद के लिए नहीं जीना चाहता हूं।
मैं आपकी सेवा का संकल्प लेकर चल रहा हूं, भारत को महान बनाना है, 140 करोड़ देशवासियों की सेवा करने के लिए मैं निकला हूं। पीएम मोदी ने कहा कि मैं अपने लिए नहीं बल्कि अपनों के लिए काम कर रहा हूं। मेरे अपने का मतलब, मेरा भारत, मेरा परिवार, आपके सपनों के लिए मैं संकल्प लेकर जी रहा हूं।
मेरे पास ना आगे कुछ है और ना पीछे। मुझे किसी के नाम कुछ करके नहीं जाना है। मेरे लिए भारत ही मेरा परिवार है। मेरा वारिस भारत का एक-एक बच्चा है। मेरा अपना कोई वारिस नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications