जमीन, आसमान या पाताल! Operation Sindoor को लेकर PM मोदी का क्या था निर्देश, डोभाल का खुलासा
Operation Sindoor Ajit Doval: पहलगाम आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किस तरह तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया था, इसका खुलासा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने किया है। Discovery की डॉक्यूमेंट्री सीरीज 'Declassified: Operation Sindoor' में डोभाल ने बताया कि 22 अप्रैल 2025 को हमले की खबर मिलते ही पीएम मोदी सऊदी अरब का दौरा बीच में छोड़कर दिल्ली लौटे थे।
एयरपोर्ट पहुंचते ही उन्होंने शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में प्रधानमंत्री का सबसे पहला सवाल था कि हमला किसने किया और इसके पीछे कौन है? उन्होंने साफ निर्देश दिया कि दोषियों की तुरंत पहचान की जाए और उन्हें किसी भी कीमत पर छोड़ा न जाए।

पीएम मोदी ने सबसे पहले पूछा- हमला किसने किया?
अजीत डोभाल के मुताबिक, दिल्ली लौटते ही प्रधानमंत्री मोदी ने एयरपोर्ट पर ही शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने सबसे पहले पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और पूछा कि इस हमले के पीछे कौन है। पीएम मोदी ने हमलावरों और साजिश में शामिल लोगों की पहचान जल्द से जल्द करने को कहा। उनका जोर इस बात पर था कि हमले के जिम्मेदार लोगों की स्पष्ट पहचान हो और इसके बाद उनके खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की जाए।
ये भी पढ़ें: 'आजादी मनमर्जी नहीं', Gen-Z पर क्यों भड़के NSA अजित डोभाल, दे दी बड़ी नसीहत
'जमीन, आसमान या पाताल...', PM का साफ संदेश
डोभाल ने बताया कि आतंकियों को लेकर प्रधानमंत्री मोदी का रुख बिल्कुल स्पष्ट था। उन्होंने कहा था कि गुनहगार चाहे जमीन में हों, आसमान में या पाताल में, उन्हें ढूंढकर खत्म किया जाएगा। पीएम मोदी का संदेश था कि भारत आतंकियों के पीछे जाएगा और उन्हें माफ नहीं करेगा। इस निर्देश का मतलब साफ था कि पहलगाम हमले के जिम्मेदार लोगों तक पहुंचना और उन्हें उनके किए की सजा देना भारत की कार्रवाई का मुख्य लक्ष्य था।
खुफिया जानकारी जुटाकर तैयार किया गया ऑपरेशन
डोभाल ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर की कार्रवाई से पहले व्यापक स्तर पर खुफिया जानकारी जुटाई गई थी। संभावित ठिकानों की पहचान की गई और अलग-अलग परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सैन्य अभ्यास भी किए गए। रणनीति का उद्देश्य बेहद सटीक कार्रवाई करना था, ताकि आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाया जा सके और नागरिकों व सैन्य नुकसान को न्यूनतम रखा जाए। इसी तैयारी के बाद पाकिस्तान और PoK में मौजूद आतंकी ढांचे पर कार्रवाई की योजना तैयार हुई।
9 आतंकी ठिकानों को बनाया गया निशाना
पहलगाम हमले की जिम्मेदारी द रेजिस्टेंस फ्रंट यानी TRF ने ली थी। इसके बाद ऑपरेशन सिंदूर के तहत 9 बड़े आतंकी ठिकानों को निशाना बनाने की योजना तैयार की गई। इनमें 5 ठिकाने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में और 4 पाकिस्तान के अंदर बताए गए। कार्रवाई में भारतीय सेना के तीनों अंगों को अलर्ट रखा गया। वायुसेना को सटीक हमलों की जिम्मेदारी दी गई, जबकि एयर डिफेंस और रडार सिस्टम को भी पूरी तरह तैयार रखा गया।
ये भी पढ़ें: US Iran MoU: अमेरिका-ईरान समझौते को 'सावधानी भरी उम्मीद' से क्यों देख रहे हैं NSA अजित डोभाल?
आतंक के खिलाफ भारत ने दिया कड़ा संदेश
अजीत डोभाल ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारत ने स्पष्ट संदेश दिया कि आतंकवाद को किसी भी तरह का समर्थन स्वीकार नहीं किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य पाकिस्तान और PoK में मौजूद उन आतंकी ढांचों को निशाना बनाना था, जिनका संबंध पहलगाम हमले से था। भारत ने यह भी स्पष्ट किया कि आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई करने में पाकिस्तान की असमर्थता या आतंकवाद को समर्थन देना उसके लिए स्वीकार्य नहीं है।
'ऑपरेशन सिंदूर जारी है', डोभाल ने समझाया मतलब
ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव बढ़ा और सीमा पार से भी हमले हुए। बाद में दोनों देशों के बीच संघर्षविराम पर सहमति बनी। डोभाल ने प्रधानमंत्री मोदी के उस बयान का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि 'ऑपरेशन सिंदूर जारी है।' डोभाल के मुताबिक, इसका मतलब है कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई खत्म नहीं हुई है और जब तक आखिरी आतंकवादी का सफाया नहीं होता, यह अभियान जारी रहेगा।


Click it and Unblock the Notifications
