PM Modi Malda Speech: पीएम ने दोहराया टीएमसी राज उखाड़ने का संकल्प, BMC और केरल का भी किया जिक्र
PM Modi Malda Speech: बंगाल विधानसभा चुनाव में अब ज्यादा वक्त नहीं है और बीजेपी पूरा जोर लगा रही है। शनिवार को पीएम मोदी ने देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई और इसके बाद मालदा में चुनावी भाषण भी दिया। पीएम मोदी ने इस दौरान टीएमसी राज में भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद पर हमला बोला। प्रधानमंत्री ने मालदा की रैली में यह भी कहा कि ओडिशा में पहली बार बीजेपी की सरकार बनी है और बंगाल में भी बीजेपी का परचम लहराएगा।
इस दौरान पीएम ने ममता बनर्जी और टीएमसी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि तुष्टिकरण और भय की राजनीति का दौर अब खत्म हो गया है। उन्होंने कहा कि आज हमारा देश 2047 तक विकसित होने के लक्ष्य पर काम कर रहा है। विकसित भारत के निर्माण के लिए पूर्वी भारत का विकास बहुत जरूरी है।

PM Modi Malda Speech: टीएमसी और ममता सरकार पर बरसे पीएम
पीएम मोदी ने कहा, 'दशकों तक पूर्वी भारत को नफरत की राजनीति करने वालों ने जकड़ कर रखा था। भाजपा ने इन राज्यों को नफरत की राजनीति करने वालों के चंगुल से मुक्त किया है। पूर्वी राज्यों का विश्वास, अगर किसी के साथ है, तो उस पार्टी का नाम है भाजपा।ओडिशा ने पहली बार भाजपा सरकार बनाई है, त्रिपुरा ने कई वर्षों से भाजपा पर विश्वास किया है, असम ने भी बीते चुनावों में भाजपा को ही अपना समर्थन दिया और कुछ दिन पहले बिहार ने भी एक बार फिर भाजपा-एनडीए की सरकार बनाई है। यानी बंगाल की हर दिशा में भाजपा की सुशासन वाली सरकार है। अब बंगाल में सुशासन की बारी है।'
PM Modi ने टीएमसी पर लगाया रुकावट डालने का आरोप
पीएम ने कहा कि बंगाल के लोगों का तभी भला होगा, जब यहां रुकावट डालने वाली TMC सरकार नहीं विकास वाली BJP सरकार होगी। पीएम मोदी ने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, '2014 से पहले, जब टीएमसी वाले दिल्ली में केंद्र सरकार चलवाते थे, तब जूट का समर्थन मूल्य 2400 रुपये था। आज यह साढ़े पांच हजार रुपये से भी अधिक है। यानी डबल हो चुका है। केंद्र की भाजपा सरकार के प्रयासों के कारण जूट किसानों को ज्यादा पैसा भी मिला है। 2014 से पहले के 10 वर्षों में जूट किसानों को केवल 400 करोड़ रुपये ही मिले थे। जबकि बीते 11 वर्षों में जूट किसानों को 1300 करोड़ रुपये से भी अधिक दिए गए हैं।'
BMC और केरल में बीजेपी की जीत का किया जिक्र
पीएम मोदी ने कहा, 'कल ही महाराष्ट्र में शहरी निकाय चुनावों के नतीजे आए हैं, जिसमें भाजपा को ऐतिहासिक जीत प्राप्त हुई है। खासतौर पर महाराष्ट्र की राजधानी और दुनिया के सबसे बड़े नगर निगमों में से एक, बीएमसी में पहली बार भाजपा को रिकॉर्ड जीत मिली है।'
पीएम ने केरल में पार्टी के बढ़ते जनाधार का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ दिन पहले ही केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में भी भाजपा के मेयर बने हैं। पीएम मोदी ने कहा, 'पहले जहां कभी भाजपा के लिए चुनाव जीतना असंभव माना जाता था, वहां भी आज भाजपा को अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है। ये दिखाता है कि देश का वोटर, देश की Gen Z, भाजपा के विकास मॉडल पर कितना ज्यादा भरोसा करती है।'












Click it and Unblock the Notifications