पीएम मोदी ने किया जापानी जेन गार्डन का उद्घाटन, कहा- ये सहजता और आधुनिकता का प्रतीक
अहमदाबाद, 27 जून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अहमदाबाद प्रबंधन संघ (एएमए) में जापानी जेन गार्डन और कैजान अकादमी का उद्घाटन किया। कोरोना महामारी को देखते हुए ये पूरा कार्यक्रम वर्चुअली आयोजित किया गया था, जिसमें पीएम दिल्ली से ही जुड़े। इस 'जेन-कैजान' का मकसद जापानी कला, संस्कृति, प्राकृतिक छटा और वास्तुशिल्प के विभिन्न तत्वों को दर्शाना है। कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने उम्मीद जताई कि भारत और जापान के रिश्ते में मजबूती बनी रहेगी। साथ ही दोनों विकास में एक-दूसरे की मदद करते रहेंगे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जेन गार्डन और कैजान एकेडमी के लोकार्पण का ये अवसर भारत-जापान के संबंधों की सहजता और आधुनिकता का प्रतीक है। मुझे विश्वास है कि जापानी जेन गार्डन, कैजान एकेडमी की स्थापना भारत-जापान के रिश्तों को और मजबूत करेगी। भारत और जापान जितना बाहरी प्रगति और उन्नति के लिए समर्पित रहे हैं, उतना ही आंतरिक शांति और प्रगति को भी हमने महत्व दिया है। जापानी जेन गार्डन शांति की इसी खोज की, इसी सादगी की सुंदर अभिव्यक्ति है।
उन्होंने आगे कहा कि जापानी पीएम और मेरा मानना है कि कोरोना महामारी के दौरान दोनों देशों ने दोस्ती और साझेदारी का अच्छा परिचय दिया। अब समय की मांग है कि दोनों देशों के संबंध मजबूत हों। पीएम के मुताबिक आज गुजरात के प्रोफेशनल फील्ड में बहुत से ऐसे लोग हैं, जो भारतीय होने के बाद बहुत अच्छी जापानी बोलते हैं। इसके अलावा उनको पता चला कि एक यूनिवर्सिटी जापानी भाषा सिखाने के लिए कोर्स भी शुरू करने जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications