PM Modi in Maldives: 'पड़ोसी पहले' नीति पर सक्रिय PM मोदी, अब मालदीव में कूटनीतिक संबंधों को देंगे नई दिशा
PM Modi in Maldives: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों 4 दिवसीय विदेश यात्रा पर हैं। उनका ये दौरा दूसरे देशों के साथ भारत की नीति को मजबूती देने के लिए अहम माना जा रहा है। ब्रिटेन में दो दिनों तक अहम कूटनीतिक बातचीत और रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाई देने के बाद अब पीएम मोदी का रुख मालदीव की ओर है। मालदीव हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया। यह दौरा केवल एक राजकीय यात्रा नहीं, बल्कि भारत और मालदीव के बीच 60 साल पुराने राजनयिक रिश्तों के जश्न का भी प्रतीक है।
प्रधानमंत्री मोदी मालदीव की 60वीं स्वतंत्रता वर्षगांठ पर मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे, जो इस द्वीपीय राष्ट्र के साथ भारत के ऐतिहासिक और रणनीतिक संबंधों को एक बार फिर नया आयाम देगा। यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब राष्ट्रपति मुइजु के कार्यकाल में दोनों देशों के रिश्तों में तनाव की खबरें आई थीं। ऐसे में यह यात्रा दोबारा विश्वास बहाली और साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

यूके दौरा खत्म कर मालदीव के लिए रवाना हुए प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार रात ब्रिटेन का दो दिवसीय दौरा पूरा करने के बाद मालदीव के लिए रवाना हो गए। शुक्रवार, 25 जुलाई की सुबह वो मालदीव पहुंचे जहां उनका भव्य स्वागत हुआ। वे शुक्रवार, 25 जुलाई और शनिवार, 26 जुलाई को मालदीव की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वे मालदीव की 60वीं स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
ये भी पढ़ें: तेजप्रताप के सपने में आए PM मोदी, BJP में शामिल होने का दिया ऑफर, जानिए लालू के बड़के लाल का जवाब
#WATCH | PM Narendra Modi lands in Male, Maldives, to a warm welcome by President Mohamed Muizzu, the country's Foreign Minister, Defence Minister, Finance Minister and Minister of Homeland Security. pic.twitter.com/blw3o0uonP
— ANI (@ANI) July 25, 2025
पीएम मोदी ने शेयर की तस्वीर
मालदीव पहुंचने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए पीएम मोदी ने लिखा,"माले पहुंच गया हूं। राष्ट्रपति मुइज़ू द्वारा हवाई अड्डे पर आकर मेरा स्वागत करने के भाव से मैं बहुत प्रभावित हूं। मुझे विश्वास है कि आने वाले समय में भारत-मालदीव मैत्री प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुएगी।"
भारत-मालदीव रिश्तों का ऐतिहासिक पल
इस दौरे की खास बात यह है कि भारत और मालदीव के बीच राजनयिक संबंधों के भी 60 साल पूरे हो रहे हैं। यह यात्रा दोनों देशों के बीच रिश्तों को मजबूत करने के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है। मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइजु के आमंत्रण पर पीएम मोदी यह दौरा कर रहे हैं।
'पड़ोस पहले' नीति में अहम भागीदार
भारत के मालदीव में उच्चायुक्त जी बालासुब्रमण्यम ने कहा कि मालदीव भारत की 'पड़ोस पहले नीति' और 'महासागर दृष्टिकोण' (MAHASAGAR Vision) में एक अहम भागीदार है। इस यात्रा से क्षेत्रीय सुरक्षा और आर्थिक विकास के लिए साझेदारी और गहरी होगी।
विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और कई समझौते होंगे
यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी, राष्ट्रपति मुइजु से मुलाकात करेंगे और भारत की मदद से बने कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा कई समझौतों (MoUs) पर भी हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। गौरतलब है कि राष्ट्रपति मुइजु के सत्ता में आने के बाद भारत और मालदीव के संबंध कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गए थे, ऐसे में यह दौरा रिश्तों को फिर से मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
भारत-मालदीव साझेदारी को नई दिशा
पिछले साल दोनों देशों के बीच एक 'व्यापक आर्थिक और समुद्री सुरक्षा साझेदारी' (Comprehensive Economic and Maritime Security Partnership) पर सहमति बनी थी। यह साझेदारी अब द्विपक्षीय संबंधों का मार्गदर्शन करने वाली मुख्य रूपरेखा बन गई है।
ब्रिटेन दौरे में हुई अहम मुलाकातें
इससे पहले 23 से 24 जुलाई के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रिटेन का दौरा किया था, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री कीर स्टारमर से चेकर्स में मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते (CETA) पर हस्ताक्षर का स्वागत किया। इसके साथ ही व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की बात कही गई। पीएम मोदी ने किंग चार्ल्स III से भी सैंड्रिंघम एस्टेट में मुलाकात की और द्विपक्षीय प्रगति पर चर्चा की।
ये भी पढ़ें: जगदीप धनखड़ का 'इस्तीफा दांव' पड़ गया उलट! 'PM मोदी से तनातनी, मर्सिडीज की मांग', क्या थी पद त्यागने की वजह?












Click it and Unblock the Notifications