बंगाल को मिली बड़ी सौगात, पीएम मोदी ने हावड़ा-जलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी
पीएम मोदी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल को नए साल से पहले नई सौगात दी है। उन्होंने पश्चिम बंगाल में हावड़ा से न्यू जलपाईगुड़ी के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई है।

PM Modi flags off Vande Bharat Express: पीएम मोदी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल को नए साल से पहले नई सौगात दी है। उन्होंने पश्चिम बंगाल में हावड़ा से न्यू जलपाईगुड़ी के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई है। पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई है। हावड़ा में आयोजित कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और अन्य नेता मौजूद रहे।
विभिन्न रेलवे परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
इस दौरान पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पश्चिम बंगाल में विभिन्न रेलवे परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोलकाता मेट्रो की पर्पल लाइन के जोका-तारातला खंड का भी उद्घाटन किया। इस मौके पर पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी भी मौजूद रहीं।
हीराबेन मोदी के निधन पर संवेदना व्यक्त की
सीएम ममता बनर्जी ने हावड़ा में कार्यक्रम के दौरान कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता की ओर से मैं आपको यह अवसर देने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद देती हूं। साथ ही मां हीराबेन मोदी के निधन पर पीएम मोदी के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आपके लिए दुखदायी दिन है। आपकी मां का मतलब हमारी मां भी है। भगवान आपको अपना काम जारी रखने की शक्ति दें, कृपया थोड़ा आराम करें।
इतना होगा किराया
सब्यसाची डे, सीपीआरओ, एनएफ ने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस के टिकट 1 जनवरी 2023 से उपलब्ध होंगे। ईसी श्रेणी के लिए शुल्क 2,825 रुपये और सीसी श्रेणी के लिए 1,565 रुपये होगा। वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाने के बाद पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण के लिए रिकॉर्ड निवेश कर रही है।
पीएम मोदी ने बंगाल के लोगों से मांगी माफी
अब भारत में वंदे भारत एक्सप्रेस, तेजस एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस जैसी आधुनिक ट्रेनें बन रही हैं। अगले 8 साल में हम रेलवे को आधुनिकीकरण की नई यात्रा पर देखेंगे। पीएम मोदी ने ट्रेन को वर्चुअली हरी झंडी दिखाई, इसके बाद उन्होंने कहा कि मुझे पश्चिम बंगाल आना था लेकिन निजी कारणों से मैं वहां नहीं आ सका। मैं बंगाल के लोगों से माफी मांगता हूं।
यह भी पढ़ें- Heeraben Modi: जब मां हीराबेन ने पीएम मोदी से कहा- तुम कुछ अच्छा काम कर रहे हो, क्योंकि लोग तुमको पहचानते हैं












Click it and Unblock the Notifications