'Modi की गारंटी, नक्सलवाद होगा साफ', PM मोदी ने भुवनेश्वर में बताया Trump को क्यों 'ना' कहा?- 10 बड़ी बातें
PM Modi Bhubaneswar Visit Highlights: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार, 20 जून 2025 को ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में कदम रखा, जहां उनका भव्य स्वागत हुआ। यह दौरा मोहन माझी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की पहली वर्षगांठ के मौके पर हुआ। हवाई अड्डे से निकलते ही हजारों समर्थकों ने सड़कों पर झंडे लहराकर और नारे लगाकर उनका जोरदार अभिनंदन किया।
यह उत्साह ओडिशा में भाजपा के बढ़ते जनसमर्थन को दर्शाता है, जहां पार्टी ने हाल ही में ऐतिहासिक जीत हासिल की थी। इस दौरान पीएम मोदी ने नक्सलवाद के खात्मे से लेकर शिक्षा और स्वास्थ्य तक कई बड़े ऐलान किए। आइए, उनके दौरे की 10 बड़ी बातों पर नजर डालते हैं...

1. नक्सलवाद के खात्मे की गारंटी
पीएम मोदी ने कहा- 'देश से नक्सलवाद का खात्मा होगा, यह मोदी की गारंटी है। 2014 से पहले 125 से ज्यादा आदिवासी जिले नक्सली हिंसा से प्रभावित थे। लेकिन बीते वर्षों में सरकार ने आदिवासी समाज को हिंसा से निकालकर विकास की राह पर लाया है। उन्होंने असम और त्रिपुरा का उदाहरण देते हुए कहा कि इन राज्यों ने हिंसा छोड़कर प्रगति की मिसाल कायम की है।'
2. 'पिछली सरकारों ने आदिवासियों को सिर्फ वोट बैंक समझा', कांग्रेस पर साधा निशाना
मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, 'पिछली सरकारों ने आदिवासियों को सिर्फ वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया, न विकास दिया, न भागीदारी। ओडिशा में आदिवासी समुदाय को लंबे समय तक नजरअंदाज किया गया। हमारी सरकार ने उन्हें मुख्यधारा में लाने का काम किया है।'
3. आयुष्मान भारत और गोपबंधु योजना का विस्तार
पीएम ने घोषणा की कि अब ओडिशा में आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना और गोपबंधु जन आरोग्य योजना के तहत करीब 3 करोड़ लोगों को मुफ्त इलाज मिलेगा। उन्होंने कहा, 'पहले ओडिशा के गरीब परिवार इन योजनाओं से वंचित थे, लेकिन अब हमने यह सुनिश्चित किया है कि हर जरूरतमंद को स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें।'
4. जगन्नाथ मंदिर के मुद्दों का समाधान
मोदी ने भगवान जगन्नाथ के प्रति अपनी भक्ति जताते हुए कहा, 'महाप्रभु जगन्नाथ हमारे आदर्श हैं। उनकी कृपा से श्री मंदिर से जुड़े मुद्दे सुलझ गए हैं। भाजपा सरकार ने मंदिर के चारों द्वार खोले और रत्न भंडार का निरीक्षण शुरू किया। यह करोड़ों भक्तों की आस्था का सम्मान है।'
5. ट्रंप का निमंत्रण ठुकराकर चुना ओडिशा
पीएम ने एक निजी किस्सा साझा करते हुए बताया, 'G7 शिखर सम्मेलन के लिए कनाडा में था, तब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मुझे वाशिंगटन डिनर के लिए बुलाया। मैंने विनम्रता से मना कर दिया और कहा कि मुझे महाप्रभु जगन्नाथ की भूमि ओडिशा जाना है।' इस बात पर भीड़ ने खूब तालियां बजाईं।
#WATCH | Bhubaneswar, Odisha: PM Narendra Modi says, "A very large number of tribal community lives in Odisha, but unfortunately, in the past, they have only been neglected. The party that ruled the country for a long time used the tribals for its politics. These people neither… pic.twitter.com/A4gAvtXTti
— ANI (@ANI) June 20, 2025
6. नई रेल सेवाओं का शुभारंभ
मोदी ने बौध जिले तक रेल संपर्क बढ़ाने वाली नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने कहा, 'यह कदम ओडिशा के ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों को विकास से जोड़ेगा।'
7. शिक्षा में क्रांति: गोदावरीश मिश्र आदर्श विद्यालय
पीएम ने गोदावरीश मिश्र आदर्श प्राथमिक विद्यालय योजना का शुभारंभ किया, जिसके तहत ओडिशा की 6,794 ग्राम पंचायतों में तकनीक-सक्षम आदर्श स्कूल बनाए जाएंगे। यह योजना शिक्षा का अधिकार अधिनियम और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप है, जिसका लक्ष्य ग्रामीण बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना है।
8. कांग्रेस और बीजद पर तीखा हमला
मोदी ने पूर्ववर्ती कांग्रेस और बीजद सरकारों पर भ्रष्टाचार और अविकसितता को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस मॉडल ने दशकों तक विकास को रोका। ओडिशा में पहले गरीबी और भ्रष्टाचार का बोलबाला था, लेकिन अब डबल इंजन सरकार दोगुना लाभ देगी।'
9. ओडिशा बनेगा पेट्रोलियम-पेट्रोकेमिकल हब
प्रधानमंत्री ने ओडिशा को पेट्रोलियम और पेट्रोकेमिकल हब बनाने का वादा किया। उन्होंने कहा, 'हमारी सरकार ओडिशा को औद्योगिक और आर्थिक विकास का केंद्र बनाएगी, जिससे रोजगार और समृद्धि बढ़ेगी।'
10. भाजपा सरकार की पहली वर्षगांठ
मोदी ने ओडिशा में भाजपा सरकार के एक साल पूरे होने पर जनता और मुख्यमंत्री मोहन माझी को बधाई दी। उन्होंने कहा, 'यह सिर्फ सरकार की वर्षगांठ नहीं, बल्कि सुशासन और जनविश्वास का उत्सव है। ओडिशा विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।'
सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जुड़ाव
अपने संबोधन की शुरुआत पीएम ने 'जय जगन्नाथ' और ओडिया में 'जुहार' कहकर की। उन्होंने रथ यात्रा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह उत्सव ओडिशा की आध्यात्मिक पहचान को मजबूत करता है। मोदी ने मुख्यमंत्री माझी और उनकी टीम की तारीफ की, जिन्होंने ओडिशा को प्रगति और शांति का मॉडल बनाने की दिशा में काम किया।
ये भी पढ़ें- PM Modi in Bihar: बिहार की फैक्ट्री में बने इंजन से अफ्रीका में दौड़ेगी ट्रेन, पीएम मोदी ने किया रवाना












Click it and Unblock the Notifications