PM मोदी का बेंगलुरु को तोहफा, येलो लाइन मेट्रो का उद्घाटन, तीन वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी
Bengaluru Metro Yellow Line inauguration: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरु के केएसआर रेलवे स्टेशन पर 3 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। इसमें बेंगलुरु से बेलगावी, अमृतसर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा और नागपुर (अजनी) से पुणे तक की ट्रेनें शामिल हैं।
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16 स्टेशनों वाली मेट्रो की येलो लाइन का उद्घाटन किया और आरवी रोड (रगीगुड्डा) से इलेक्ट्रॉनिक सिटी मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो यात्रा भी की। इस दौरान उनके साथ कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार मौजूद रहे।

पीएम मोदी बेंगलुरु में इन योजनाओं की सौगात
मेट्रो येलो लाइन का उद्घाटन
- 19 किलोमीटर लंबा रूट (आरवी रोड/रागीगुड़ा से बोम्मसंद्रा)
- 16 स्टेशन
- लागत लगभग ₹7,160 करोड़
- दक्षिण बेंगलुरु के प्रमुख केंद्रों को जोड़ेगी और मेट्रो नेटवर्क को 96 किमी से अधिक तक बढ़ाएगी।
बेंगलुरु मेट्रो फेज-3 की आधारशिला
- लंबाई 44 किलोमीटर
- 31 एलीवेटेड स्टेशन
- लागत लगभग ₹15,610 करोड़
- शहर के आवासीय, औद्योगिक, वाणिज्यिक और शैक्षिक क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी।
तीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी
- बेंगलुरु से बेलगावी
- अमृतसर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा
- नागपुर (अजनी) से पुणे
उद्घाटन से पहले राजनीति तेज
बेंगलुरु मेट्रो की येलो लाइन के उद्घाटन से पहले ही राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। कर्नाटक सरकार के मंत्री प्रियंक खड़गे ने बीजेपी पर आरोप लगाया है कि वह इस परियोजना का श्रेय हड़पने की कोशिश कर रही है। उनका कहना है कि मेट्रो परियोजना की नींव मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार ने रखी थी और पहले चरण में केंद्र का योगदान राज्य से अधिक था।
खड़गे का आरोप है कि बीजेपी के सत्ता में आने के बाद केंद्र सरकार का हिस्सा घट गया और राज्य सरकार ने ₹12,000 करोड़ से ज्यादा खर्च उठाया, जबकि केंद्र ने सिर्फ ₹8,000 करोड़ दिए। उन्होंने इसे कर्नाटक की आर्थिक हिस्सेदारी और केंद्र से मिलने वाले लाभ में असमानता का उदाहरण बताया।
यातायात सुधार की दिशा में बड़ा कदम- डीके शिवकुमार
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने येलो लाइन मेट्रो को लेकर कहा कि यह परियोजना दक्षिण बेंगलुरु के प्रमुख केंद्रों को जोड़कर यात्रा को तेज, आसान और आरामदायक बनाएगी। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, 'नम्मा मेट्रो की येलो लाइन के साथ बेंगलुरु पहले से ज्यादा करीब आ रहा है! दक्षिण बेंगलुरु के प्रमुख केंद्रों को सहजता से जोड़ते हुए यह नई लाइन लाखों यात्रियों के लिए यात्रा को तेज, सुगम और आरामदायक बनाएगी, साथ ही हमारे शहर को सतत भविष्य की ओर ले जाएगी।' उन्होंने इसे शहर के सतत विकास और यातायात सुधार की दिशा में बड़ा कदम बताया।
ये भी पढ़ें PM Modi ने स्कूली बच्चियों के साथ मनाई राखी, दिल जीत लेगा नन्ही परियों के साथ पीएम का ये Video












Click it and Unblock the Notifications