PM-Kisan Samman Nidhi: अब भी हजारों किसान को नहीं मिली है 21वीं किस्त, क्यों रोके गए हैं पैसे?
PM Kisan Samman Nidhi: तेजी से बदलते मौसम, बढ़ती लागत और हर सीजन की अनिश्चितता के बीच किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना को बड़ी उम्मीदों से देखते हैं। लेकिन आजमगढ़ जनपद के हजारों किसानों के लिए 21वीं किस्त का इंतजार इस बार निराशा में बदल गया। किस्त जारी होने के बाद जब कुछ किसानों के खातों में पैसे नहीं आए, तो वे अपनी स्थिति जानने के लिए कृषि विभाग के चक्कर काटने लगे।
जांच में सामने आया कि डाटा में गलती, नाम का मेल न होना और रजिस्ट्री पूरी न होने जैसे कारणों ने करीब 20 हजार किसानों को योजना के लाभ से दूर कर दिया है। अब किसान अपने दस्तावेज सुधारने और पोर्टल पर जानकारी अपडेट करने में जुट गए हैं। यह किसान पिछली किस्त से भी वंचित चल रहे हैं। विभाग के अनुसार, ज्यादातर किसानों का डाटा संदिग्ध या गलत पाया गया है, जिस कारण पोर्टल पर उनका भुगतान अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।

8.97 लाख किसानों को मिली किस्त
आजमगढ़ जनपद में करीब 10 लाख किसानों का पंजीकरण है। इनमें से 8.97 लाख किसानों को 21वीं किस्त मिल चुकी है। बाकी किसानों का भुगतान डाटा मिसमैच की वजह से अटका हुआ है।
डाटा मिसमैच सबसे बड़ी वजह
कई किसानों का नाम खतौनी और आधार में अलग पाया गया है। कुछ मामलों में पति-पत्नी दोनों लाभ ले रहे थे, जबकि योजना में एक परिवार को ही लाभ मिलता है। कई किसान नाबालिग थे या भूमि स्वामी की जानकारी अपडेट नहीं की गयी थी। ऐसे किसान 20वीं और 21वीं दोनों किस्तों से वंचित हो गए हैं।
फार्मर रजिस्ट्री न होने से बढ़ी दिक्कत
जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री नहीं बनी है, उनकी समस्या और बढ़ गयी है। रजिस्ट्री नहीं होने पर पोर्टल उनकी जानकारी स्वीकार नहीं करता, जिससे किस्त रुक जाती है।
ऐसे करें अपनी पात्रता की जांच
किसान अपनी स्थिति की जांच इन तरीकों से कर सकते हैं:
- सहज जनसेवा केंद्र पर जाकर अपने डाटा की जांच कराएं
- www.pmkisan.gov.in पर फार्मर कार्नर में जाकर Update Missing Information में सही जानकारी दर्ज करें
- डाटा अपडेट कराने से पहले फार्मर रजिस्ट्री जरूर बनवाएं
- जरूरी कागजों की एक प्रति तहसील और एक प्रति उप कृषि निदेशालय में जमा करें
ये भी पढ़ें: PM SVANidhi Yojana: स्ट्रीट वेंडर्स के लिए आसान लोन और डिजिटल फायदे, आ गया स्वनिधि योजना का नया रूप












Click it and Unblock the Notifications