PM Kisan 23rd Installment: 4 दिनों के अंदर खाते में आ जाएंगे 23वीं किस्त के पैसे? पीएम किसान पर क्या है अपडेट
PM Kisan 23rd Installment: देशभर के किसान पीएम किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Samman Nidhi Yojana) की अगली किस्त का इंतजार कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर चल रही कई खबरों में दावा किया जा रहा है कि 23वीं किस्त जल्द जारी हो सकती है और किसानों के खाते में फिर से 2000 रुपये पहुंच सकते हैं। इस खबर ने किसानों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।
हालांकि, अभी तक केंद्र सरकार की ओर से किस्त जारी करने की तारीख को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में किसानों को बिना पक्की जानकारी के किसी भी अफवाह पर भरोसा नहीं करना चाहिए। माना जा रहा है कि अगर सरकार कोई घोषणा करती है, तो उससे लाखों पात्र किसानों को सीधा फायदा मिलेगा। फिलहाल सभी की नजर सरकार के अगले बयान पर टिकी है।

जून 18 को किस्त आने की चर्चा क्यों?
ऑनलाइन रिपोर्टों में कहा जा रहा है कि पीएम किसान की 23वीं किस्त 18 जून को जारी हो सकती है। लेकिन अब तक सरकार ने इसकी पुष्टि नहीं की है। इस चर्चा की वजह साल 2024 का एक पुराना उदाहरण भी बताया जा रहा है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17वीं किस्त 18 जून को जारी की थी। उस समय 9 करोड़ से ज्यादा किसानों को फायदा मिला था। इसी वजह से लोग मान रहे हैं कि इस बार भी किस्त इसी तारीख के आसपास आ सकती है। लेकिन जब तक सरकारी नोटिस नहीं आता, तब तक इसे सिर्फ अंदाजा ही माना जाएगा।
ये भी पढ़ें: PM Kisan Yojana: घर बैठे मोबाइल में कैसे चेक करें 23वीं किस्त का स्टेटस? यहां देखें स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस
क्या है पीएम किसान सम्मान निधि योजना?
पीएम किसान सम्मान निधि योजना केंद्र सरकार की एक बड़ी योजना है, जिसके तहत पात्र किसान परिवारों को हर साल 6000 रुपये की मदद दी जाती है। यह राशि 2000-2000 रुपये की तीन किस्तों में दी जाती है। आमतौर पर हर चार महीने के अंतर पर यह पैसा बैंक खाते में सीधे भेजा जाता है। इसमें पैसा डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर यानी DBT के जरिए जाता है, ताकि लाभ सीधे किसान तक पहुंचे।
बेनिफिशियरी स्टेटस कैसे चेक करें?
किसान यह देख सकते हैं कि उनका नाम योजना में दर्ज है या नहीं। इसके लिए पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वहां-
- "Know Your Status" विकल्प पर क्लिक करें।
- इसके बाद अपना रजिस्ट्रेशन नंबर डालें।
- कैप्चा कोड भरें और सबमिट करें।
- इसके बाद लाभार्थी की स्थिति और भुगतान से जुड़ी जानकारी दिख जाएगी।
किसी दिक्कत पर किसान पीएम किसान हेल्पलाइन नंबर 155261 या 011-24300606 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
PM Kisan के लिए आवेदन कैसे करें?
अगर कोई किसान अब तक योजना से नहीं जुड़ा है, तो वह नई किसान रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया से आवेदन कर सकता है। इसके लिए आधिकारिक पीएम किसान वेबसाइट पर जाना होगा। वहां "New Farmer Registration" विकल्प चुनें। फिर आधार नंबर और कैप्चा भरकर आगे बढ़ें। इसके बाद अपनी निजी और खेती से जुड़ी जरूरी जानकारी भरें। सारी जानकारी ठीक से जांचने के बाद आवेदन जमा करें। फॉर्म को सेव कर लें और चाहें तो उसका प्रिंट भी निकाल लें।
फर्जी मैसेज और ठगी से रहें सावधान
सरकारी योजना के नाम पर फर्जी मैसेज, कॉल और लिंक भी भेजे जा रहे हैं। ऐसे में किसानों को बहुत सावधान रहने की जरूरत है। साइबर ठगी के मामले बढ़े हैं, इसलिए किसी अज्ञात व्यक्ति को आधार नंबर, बैंक खाता, ओटीपी या पासवर्ड कभी न दें। किस्त या भुगतान से जुड़ी हर जानकारी केवल पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट या सरकारी हेल्पलाइन से ही जांचें। किसी थर्ड पार्टी ऐप या लिंक पर भरोषा ना करें।
कब शुरू हुई थी पीएम किसान योजना?
पीएम किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत 1 दिसंबर 2018 को हुई थी। इसके तहत पहली किस्त 24 फरवरी 2019 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक कार्यक्रम के दौरान जारी की थी। तब से यह योजना देश के करोड़ों किसान परिवारों के लिए नियमित मदद का बड़ा जरिया बनी हुई है। 23वीं किस्त का इंतजार कर रहे किसानों के लिए फिलहाल सबसे जरूरी बात यही है कि वे सिर्फ आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें।
ये भी पढ़ें: PM Kisan Alert: अगर की ये गलती तो बंद हो जाएगा योजना का लाभ, जांच के दायरे में 8 लाख से ज्यादा किसान












Click it and Unblock the Notifications