AIUDF छोड़ बीजेपी में शामिल हुए फणीधर तालुकदार, बोले- मेरे क्षेत्र के लोग गरीब हैं, कब तक विपक्ष में रहता
असम में विपक्षी एआईयूडीएफ (ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट) के विधायक फणीधर तालुकदार ने मंगलवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया।
दिसपुर, 31 अगस्त। असम में विपक्षी एआईयूडीएफ (ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट) के विधायक फणीधर तालुकदार ने आज बीजेपी का दामन थाम लिया। भबनीपुर विधायक फणीधर तालुकदार ने इस मौके पर उन्होंने कहा, 'मैंने सीएम के साथ काम करने के लिए एआईयूडीएफ छोड़ी। AIUDF के साथ कोई समस्या नहीं है, लेकिन मैं उम्मीद कर रहा था कि वे सरकार का हिस्सा होंगे। मेरे विधानसभा क्षेत्र के लोग गरीब हैं। मैं कब तक विपक्ष में रहूंगा और इससे मेरे क्षेत्र के लोगों को क्या लाभ होगा? इसलिए मैं भाजपा में शामिल हुआ।'

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने दी बधाई
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बीजेपी में शामिल होने पर फणीधर तालुकदार को बधाई दी। उन्होंने कहा मैं उनका हमारे परिवार में स्वागत करता हूं।
फणीधर तालुकदार ने मंगलवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने खुद को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी अलग कर लिया। तालुकदार ने दावा किया कि उनका यह फैसला उनके निर्वाचन क्षेत्र और राज्य के लोगों के व्यापक हित के लिए है। तालुकदार के भाजपा में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे हैं। उन्होंने तत्काल प्रभाव से एआईयूडीएफ विधाई इकाई के सचिव पद से इस्तीफा दे दिया।
उन्होंने अपने त्यागपत्र में लिखा, 'मैं अपने निर्वाचन क्षेत्र की जनता और असम के लोगों के व्यापक हित में एआईयूडीएफ पार्टी की अपनी प्राथमिक सदस्यता भी छोड़ रहा हूं।'
यह भी पढ़ें: आजम खान पर कार्रवाई को लेकर अखिलेश का हमला, बोले- निर्दोषों को फंसाना बीजेपी का एजेंडा
अगस्त में किया था भाजपा में शामिल होने का ऐलान
बता दें कि तालुकदार ने 29 अगस्त को कहा था कि वह 1 सितंबर को बीजेपी में शामिल होंगे। भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक तालुकदार कई बार इसी सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन वह चुनाव जीतने में असफल रहे थे।
इसके बाद उन्होंने एआईयूडीएफ का दामन थामा और इस साल की शुरुआत में हुए चुनावों में जीत हासिल की। उन्होंने सत्तारूढ़ पार्टी की सहयोगी पार्टी असम गण परिषद के उम्मीदवार रंजीत डेका को करारी शिकश्त दी थी। इन चुनावों में उन्होंने 55,975 वोट हासिल किए जबकि रंजीत डेका को 52,748 वोट मिले। वह एआईयूडीएफ के एकमात्र हिंदू विधायक थे। एआईयूडीएफ के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि पार्टी को तालुकदार का इस्तीफा मिल गया है। वर्तमान में पार्टी में 16 विधायक हैं।
तालुकदार के इस्तीफे के बाद 126 सदस्यीय सदन में AIUDF के विधायकों की संख्या घटकर 15 रह जाएगी। वहीं, वर्तमान में भाजपा के पास 60 विधायक है, लेकिन प्रभावी संख्या 59 है, क्योंकि केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनेवाल ने अभी तक इस्तीफा नहीं दिया है। सत्तारूढ़ गठबंधन में सहयोगी पार्टी असम गण परिषद के 9 और यूपीपीएल के 5 विधायक हैं। वहीं, कांग्रेस के विधायकों की संख्या 27 है। अब कुल मिलाकर 6 सीटों पर उपचुनाव होंगे।












Click it and Unblock the Notifications