फिर बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, जानिए आज कितनी हुई बढ़ोतरी
नई दिल्ली। पेट्रोल और डीजल के दाम में एक बार फिर से बढ़ोतरी की गई है। आज से पेट्रोल के दाम में 0.48 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है, जबकि डीजल के दाम में 0.59 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। नई कीमतें लागू होने के बाद दिल्ली में पेट्रोल के दाम 76.26 रुपए प्रति लीटर हो गए हैं, जबकि डीजल के दाम 74.62 पैसे प्रति लीटर हो गए हैं। बता दें कि पिछले 9 दिन से लगातार पेट्रोल और डीजल के दाम में बढ़ोतरी की जा रही है। गौर करने वाली बात यह है कि कच्चे तेल की कीमतें अपने रिकॉर्ड निचले स्तर पर हैं, बावजूद इसके लगातार 9वें दिन की बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमत एक वर्ष के अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। रविवार को पेट्रोल के दाम में 62 पैसे और डीजल के दाम में 64 पैसे की बढ़ोतरी की गई थी, जिसके बाद दिल्ली में पेट्रोल और डीजल के दाम 75.78, 74.03 रुपए प्रति लीटर हो गए थे।

पेट्रोल डीजल के लागतार बढ़ती कीमतों ने आम जनता तो दुखी है ही, खास लोगों में भी इसे लेकर नाराजगी है। इससे पहले रविवार को क्रिकेटर हरभजन सिंह ने पेट्रोल डीजल के दामों की लिस्ट शेयर करते हुए लिखा- पेट्रोल डीजल और कोरोना के केस लगातार बढ़ रहे हैं। हरभजन सिंह ने इसके साथ रोने वाली इमोजी भी लगाई और पोस्ट शेयर किया। वहीं एक आम नागरिक का कहना है कि लॉकडाउन ने पहले ही आर्थिक मुश्किलें पैदा कर रखी हैं, ऐसे में पेट्रोल डीजल के बढ़ते दाम ने जेब पर बोझ डाल दिया है।












Click it and Unblock the Notifications