कोलकाता मेट्रो में बड़ा हादसा, चलती ट्रेन में हाथ फंसने से यात्री की हुई दर्दनाक मौत
कोलकाता। कोलकाता के पार्क स्ट्रीट मेट्रो स्टेशन में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। कोलकाता मेट्रो ट्रेन में लापरवाही की वजह से एक यात्री की जान चली गई। शनिवार शाम तकरीबन 6 बजकर 40 मिनट पर पार्क स्ट्रीट स्टेशन में एक शख्स का हाथ मेट्रो ट्रेन के गेट में फंस गया। ट्रेन आगे बढ़ी तो घिसटता हुआ प्लेटफॉर्म से नीचे ट्रैक पर गिरा और उसकी मौत हो गई। बताया गया है कि मेट्रो ट्रेन दमदम से गरिया की ओर जा रही थी।

मृतक यात्री की पहचान 66 वर्षीय सजल कुमार कांजीलाल के रूप में हुई है। वह दक्षिण कोलकाता के एक कस्बे के रहने वाले बताए जा रहे हैं। शहर के मेयर फिरहाद हकीम ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि मेट्रो अथॉरिटी ने जांच का जिम्मा कोलकाता मेट्रो के जनरल मैनेजर को सौंपा है।
मेट्रो के जनरल मैनेजर पीसी शर्मा ने मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। वहीं मेट्रो की ओर से कहा गया है कि यह घटना बहुत ही दुखद है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से मौत के कारणों का पता लगाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications