अफगानिस्तान से दिल्ली आ रहे लोगों को 14 दिन के लिए क्वारंटीन किया जाएगा- स्वास्थ्य मंत्रालय
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा है कि अफगानिस्तान से भारत आने वाले लोगों को दिल्ली में स्थित ITBP के छावला कैंप में 14 दिन क्वारंटीन रहना होगा।
नई दिल्ली, 24 अगस्त। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा है कि अफगानिस्तान से भारत आने वाले लोगों को दिल्ली में स्थित ITBP के छावला कैंप में 14 दिन क्वारंटीन रहना होगा।

बता दें कि सोमवार को अफगानिस्तान से 146 लोगों को दिल्ली लाया गया था, इनमें से दो लोग कोरोना से संक्रमित मिले थे। दोनों को दिल्ली के लोक नायक जय प्रकाश नारायण अस्पताल (LNJP) में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि दोनों व्यक्ति असिम्टोमेटिक है यानि उनमें कोरोना के लक्षण दिखाई नहीं दे रहे हैं।
वहीं, आज अफगानिस्तान से दिल्ली लौटे लोगों को एयरपोर्ट पर उतरने के बाद सीधे आइटीबीपी के छावला कैंप ले जाया गया, जहां उन्हें 14 दिन क्वारंटीन में बिताने होंगे।
यह भी पढ़ें: देश की पहली बुलेट ट्रेन: L&T जापानी कंपनी के साथ मिलकर बनाएगी 28 ब्रिज, 70,000 मीट्रिक टन स्टील लगेगा
ITBP ने कहा कि अफगानिस्तान से निकाले गए 81 लोगों के पहले जत्थे को छावला के आईटीबीपी कैंप में 14 दिनों के लिए क्वारंटाइन किया जाएगा और परीक्षण किए गए COVID-19 पॉजिटिव को बाद में उन्हें संबंधित COVID-19 अस्पतालों में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
बता दें कि अफगानिस्तान पर आतंकवादी संगठन तालिबान के कब्जे के बाद दुनिया भर के देश अपने-अपने देश के नागरिकों को जल्द से जल्द वहां से निकालने की कोशिश में लगे हुए हैं। तालिबान ने अफगानिस्तान की लोकतांत्रिक सरकार को गिराकर पूरे देश पर कब्जा कर लिया है।
अफगानिस्तान में फंसे भारतीयों को निकालने का अभियान लगातार जारी है। अफगानिस्तान से अपने नागरिकों को बाहर निकालने के लिए किसी भी देश के पास मात्र 7 दिन का समय है, क्योंकि तालिबान ने अमेरिका को 31 अगस्त तक अपने सैनिकों को वापस बुलाने को कहा है। भारतीय नागरिकों को अफगानिस्तान से निकालने में 6 अन्य देशों ने भारत की मदद के लिए हामी भर दी है। इन देशों में ब्रिटेन, यूएई, अमेरिका, फ्रांस, जर्मनी और कतर शामिल है। बता दें कि भारत सरकार अपने नागरिकों के अलावा अफगानिस्तान के लोगों को भी वहां से निकाल रही है।












Click it and Unblock the Notifications