पटियाला हिंसा की घटना पर राघव चड्ढा का बड़ा बयान, शिवसेना-कांग्रेस और अकाली दल के कार्यकर्ताओं ने मचाया उत्पात
नई दिल्ली, अप्रैल 29। पंजाब के पटियाला में दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प को लेकर आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा का बड़ा बयान आया है। दरअसल, उनका यह कहना है कि काली देवी मंदिर के पास हुई हिंसक झड़प दो गुटों के बीच नहीं बल्कि दो राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के बीच थी। राघव चड्ढा ने कहा है, "मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि पटियाला में जो हिंसा हुई है, वो 2 समूहों नहीं बल्कि 2 राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के बीच की थी। इसमें एक तरफ तो शिवसेना और कांग्रेस के कार्यकर्ता थे तो वहीं दूसरी तरफ शिरोमणी अकाली दल के कार्यकर्ता थे।

हिंसा करने वाले किसी को बख्शा नहीं जाएगा- राघव चड्ढा
राघव चड्ढा ने आगे कहा कि दो पक्षों के बीच हुए इस तनाव के बीच कुछ असामाजिक तत्व घुस गए, जिन्होंने इस हिंसा को सांप्रदायिक रंग दिया और पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश हुई। राघव चड्ढा ने कहा कि पंजाब की शांति भंग करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, पुलिस ने तुरंत कानून-व्यवस्था बहाल कर दी है और हिंसा करने वालों की तलाश की जा रही है।
कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं- राघव चड्ढा
राघव चड्ढा ने बताया कि इस हिंसा की घटना को लेकर अभी तक कई लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पंजाब सरकार ने पुलिस को यह निर्देश दे दिए हैं कि जो भी हिंसा के जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, फिर चाहे वो किसी राजनीतिक दल का मास्टमाइंड ही क्यों ना हो।












Click it and Unblock the Notifications