मुस्लिम पति-हिंदू पत्नी को मिला पासपोर्ट, बदसलूकी करने वाले अफसर का तबादला
उत्तर प्रदेश के लखनऊ में महिला से धर्म के नाम पर बदसलूकी करने वाले अफसर विकास मिश्रा का तबादला हो गया है। रीजनल पासपोर्ट ऑफिसर के मुताबिक विकास मिश्रा के खिलाफ एक्शन लेते हुए उनका तबादला कर दिया गया है और कारण बताओ नोटिस भी भेजा गया है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के लखनऊ में महिला से धर्म के नाम पर बदसलूकी करने वाले अफसर विकास मिश्रा का तबादला हो गया है। रीजनल पासपोर्ट ऑफिसर के मुताबिक विकास मिश्रा के खिलाफ एक्शन लेते हुए उनका तबादला कर दिया गया है और कारण बताओ नोटिस भी भेजा गया है। मिश्रा ने तनवी सेठ नाम की महिला से धर्म के नाम पर बदसलूकी की थी और उन्हें अपना सरनेम बदलवाने के लिए कहा था। इतना ही नहीं, मिश्रा ने तनवी के मुस्लिम पति को अपना धर्म छोड़ हिंदू धर्म अपनाने के नसीहत भी दी थी। मामले को बढ़ता देख तनवी और उनके पति को गुरुवार को पासपोर्ट जारी कर दिया गया।

मुश्किलों के बाद पति-पत्नी को मिला पासपोर्ट
हिंदू पत्नी और मुस्लिम पति से बदसलूकी करने वाले अफसर का तबादला कर दिया गया है। पत्नी तनवी और पति अनस को गुरुवार को पासपोर्ट ऑफिस बुलाया गया था, जहां उन्हें उनके नए पासपोर्ट सौंप दिए गए हैं। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में लखनऊ के रीजनल पासपोर्ट अधिकारी ने बताया कि तनवी को पासपोर्ट जारी कर दिया गया है, वहीं अनस का पासपोर्ट रिन्यू हो गया है। अधिकारी ने कहा, 'पासपोर्ट जारी कर दिए गए हैं। आरोपी अफसर के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और उनके खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी। हमें इस घटना पर खेद है और ये सुनिश्चित करते हैं कि ऐसी घटना दोबारा नहीं होगी।'

आरोपी अफसर का तबादला
लखनऊ के एक पासपोर्ट सेवा केंद्र में अफसर विकास मिश्रा ने तनवी सेठ और उनके पति मोहम्मद अनस सिद्दीकी से धर्म को लेकर बदसलूकी की थी। अफसर ने तनवी से कहा था कि मुस्लिम युवक से शादी करने के बाद उन्होंने अपना हिंदू नाम क्यों रखा हुआ है। इतना ही नहीं, अफसर ने तनवी के पति अनस से भी बदतमीजी की।

धर्म के नाम पर की थी बदसलूकी
उसने अनस से कहा कि वो अपना धर्म बदलकर हिंदू धर्म अपना लें और सात फेरे लेकर शादी करें। इसके बाद उनका पासपोर्ट रिन्यू कर दिया जाएगा। सुषमा स्वराज के अतिरिक्त निजी सचिव विजय द्विवेदी ने इस मुद्दे को देखने के लिए एएमईए में पासपोर्ट, वीजा और विदेशी भारतीय मामलों के सचिव डीएम मुलाय से रिपोर्ट मांगी है।












Click it and Unblock the Notifications