दिल्ली में भारी बारिश से बुरा हाल, अशोका रोड पर कई जगह बने गड्ढे
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों भारी बारिश हो रही है। बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया है। अब खबर आई है कि भारी बारिश के बाद अशोका रोड पर सड़क के कई हिस्से धरती में धंस गए हैं। इसकी कुछ तस्वीरें समाचार एजेंसी एएनआई ने शेयर की हैं। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि सड़क के किनारे कितने बड़े गड्ढे बन गए हैं। गड्ढों को देख हर कोई हैरान है क्योंकि अगर यहां पानी भरा होता, तो किसी तरह की दुर्घटना भी हो सकती थी।

यहां गड्ढे बनने के बाद पुलिस ने खतरे को देखते हुए बैरिकेडिंग कर दी है, ताकि कोई हादसा ना हो सके। दिल्ली के कई अन्य इलाकों में भी भारी बारिश से बुरा हाल है। पुलिस ने मिंटो ब्रिज को बंद कर दिया है क्योंकि यहां बारिश के बाद काफी पानी भर गया था और लोगों को वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। इससे पहले अन्ना नगर में नाले के पानी से कुछ झुग्गियां भी ढह गई थीं। हालांकि ये पहले से खाली थीं तो कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
वहीं भारतीय मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में बताया है कि दिल्ली में बारिश का सिलसिला आज पूरे दिन यूं ही जारी रहेगा। दिल्ली की बारिश का असर आसपास के इलाकों में भी रहेगा, बता दें दिल्ली में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कहा है कि आज दिल्ली में भारी बारिश संभव है इसलिए दिल्ली ट्रैफिक भैरो मार्ग से आईपी फ्लाईओवर की तरफ जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया है, क्योंकि कल से हो रही बारिश के कारण रिंग रोड पर डब्लूएचओ बिल्डिंग के पास जलभराव हो गया है।
इसके अलावा, मध्य प्रदेश, ओडिशा के कुछ भागों में भी तेज बारिश के आसार हैं। अगले 24 घंटे में पश्चिम बंगाल, सिक्कम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और बिहार में मॉनसून ज्यादा असर दिखा सकता है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, गिलगित बालिस्तान, मुजफ्फराबाद, में हल्की और मध्यम बारिश हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications