Parliament Session: लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव आज, ओम बिरला-के सुरेश के बीच सीधी टक्कर
Parliment Session: संसद के विशेष सत्र में आज का दिन काफी खास होने वाला है। आज लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव होना है। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दल आमने-सामने होंगे। दोनों ही दलों ने अपने सांसदों को व्हिप जारी करके सदन में उपस्थित रहने को कहा है।
एनडीए की ओर से एक बार फिर से ओम बिरला को लोकसभा अध्यक्ष का उम्मीदवार बनाया गया है तो दूसरी तरफ इंडिया गठबंधन ने भी के सुरेश को मैदान में उतार दिया है। दोनों के बीच आज यह मुकाबला अहम है।

आज होने वाले चुनाव से पहले भाजपा ने मंगलवार को सभी सांसदों से अपील की है कि वह सदन में उपस्थित रहें। पार्टी ने तीन लाइन का व्हिप जारी किया है। वहीं कांग्रेस ने अपने सभी सदस्यों को सदन में उपस्थित रहने को कहा है।
वहीं वाईएसआरसीपी ने चुनाव से पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि वह ओम बिरला का समर्थन करेगी। पार्टी के पास कुल चार सांसद है। गौर करने वाली बात है कि ओम बिरला के नाम पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आम सहमति बनती नजर आ रही थी।
लेकिन विपक्ष की डिप्टी स्पीकर पद की मांग के बाद दोनों ही पक्ष में तकरार देखने को मिली। एनडीए ने विपक्ष की मांग को स्वीकार नहीं किया, जिसके बाद विपक्ष ने भी अपना उम्मीदवार लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए उतारने का फैसला लिया।
केंद्रीय मंत्री जीतन राम माझी ने कहा कि स्पीकर किसी दल का नहीं होता है, बल्कि वह पूरी संसद का प्रतिनिधित्व करता है। यहां बहुमत का सम्मान होना चाहिए।
कई राज्यों में जहां पार्टी सत्ता में है, उसके पास स्पीकर और डिप्टी स्पीकर है, लेकिन विपक्ष डिप्टी स्पीकर के पद की मांग पर अड़ा है।वहीं शरद पवार ने कहा कि यह हमेशा से परंपरा रही है कि स्पीकर सत्ता पक्ष का होता है और डिप्टी स्पीकर विपक्ष का होता है।












Click it and Unblock the Notifications