Parliament Session Day 7: 'ऑपरेशन सिंदूर' पर आज होगी राज्यसभा में बहस, क्या PM मोदी रखेंगे अपनी बात?
Parliament Session DAY 7: मानसून सत्र का आज 7वां दिन है, सोमवार को लोकसभा में 'ऑपरेशन सिंदूर' को लेकर तगड़ी बहस देखने को मिली। हालांकि विपक्ष के हंगामे की वजह बहस एक घंटा देर से शुरू हुई,सबसे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस विषय पर सरकार का पक्ष रखा और सारे घटनाक्रमों को सिलसिलेवार ढंग से बताया।
इसके बाद कांग्रेस की ओर से गौरव गोगोई ने इस बारे में तीखे सवाल किए। सदन में देर रात तक इस बारे में बहस होती रही।आज मंगलवार को भी 'ऑपरेशन सिंदूर' पर बहस जारी रहेगी। लोकसभा की तरह राज्यसभा में भी 'ऑपरेशन सिंदूर' पर बहस के लिए 16 घंटे रखे गए हैं।

उम्मीद की जा रही है कि गृहमंत्री अमित शाह आज दिन के 12 बजे सदन में विपक्ष के सभी सवालों का जवाब देंगे। पीएम मोदी के बारे में भी कहा जा रहा है कि वो इस विषय पर आज शाम समापन भाषण दे सकते हैं, हालांकि इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
विदेश मंत्री ने किया डोनाल्ड ट्रंप के दावों को खारिज
मालूम हो कि ट्रंप के सीजफायर के दावे पर बात करते हुए लोकसभा में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार को लोकसभा को बताया कि पाकिस्तान के साथ संघर्ष के दौरान भारत और अमेरिका के बीच हुई किसी भी चर्चा में व्यापार का कोई संबंध नहीं था। उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उन दावों को खारिज कर दिया, जिनमें उन्होंने कहा था कि उन्होंने व्यापार का इस्तेमाल दोनों पक्षों को लड़ने से रोकने के लिए किया था।
'ट्रंप और पीएम मोदी के बीच कोई कॉल नहीं हुई'
लोकसभा में बोलते हुए जयशंकर ने जोर देकर कहा कि '22 अप्रैल (पहलगाम आतंकवादी हमला) और 17 जून (भारत-पाकिस्तान के बीच युद्धविराम की घोषणा के एक महीने बाद) के बीच डोनाल्ड ट्रंप और पीएम मोदी के बीच कोई फोन कॉल नहीं हुई थी।'
गृह मंत्री अमित शाह ने दिया विपक्ष को तगड़ा जवाब
जिस पर विपक्ष ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस पर गृह मंत्री अमित शाह ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि 'विपक्ष अपने ही विदेश मंत्री को खारिज करने में तत्पर है लेकिन उन्हें किसी और देश पर विश्वास है।'
'पाकिस्तान के आतंकी समूहों को निशाना बनाया गया'
आपको बता दें कि 'ऑपरेशन सिंदूर' 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत की सैन्य कार्रवाई थी। इस घृणित हमले में 26 लोगों की जान गई थी, इन सभी पर धर्म पूछकर गोली चलाई गई थी।
'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान स्थित आतंकी समूहों को निशाना बनाया गया था। रतलब है कि मानसून सत्र 21 अगस्त तक चलेगा। 12 अगस्त को दोनों सदन स्थगित कर दिए जाएंगे और स्वतंत्रता दिवस के बाद 18 अगस्त को फिर से शुरू होंगे।












Click it and Unblock the Notifications