संसद में सुरक्षा चूक: युवक दीवार फांदकर घुसने की कोशिश में पकड़ा गया, कैसे हुई घटना?
Parliament security breach: देश की सर्वोच्च संस्था संसद भवन में शुक्रवार,22 अगस्त की सुबह सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे एक व्यक्ति संसद की दीवार फांदकर अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था। दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उस व्यक्ति को पकड़ लिया और हिरासत में ले लिया है।
दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना सुबह 6 बजे की है, जब सुरक्षा गार्डों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को संसद की दीवार पर चढ़ते हुए देखा।

बताया जा रहा है कि उसने दीवार फांदकर संसद परिसर में प्रवेश करने की कोशिश की और अंदर कूदने का भी प्रयास किया। हालांकि, सतर्क सुरक्षाकर्मियों ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
Parliament security breach से सुबह-सुबह मचा हड़कंप
राज्यसभा के एक अधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा -"आज सुबह 6 बजे एक व्यक्ति ने अनुचित तरीके से संसद भवन में घुसने का प्रयास किया। उसे तुरंत पकड़ लिया गया है और आगे की पूछताछ की जा रही है।"
संसद परिसर को देश की सबसे सुरक्षित इमारतों में गिना जाता है। यहां प्रवेश के लिए कई स्तरों की सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ता है। बावजूद इसके, एक व्यक्ति का दीवार फांदकर अंदर जाने की कोशिश करना गंभीर चिंता का विषय बन गया है। घटना के बाद दिल्ली पुलिस, सीआरपीएफ और संसद सुरक्षा बल ने इलाके की सुरक्षा समीक्षा शुरू कर दी है।
पकड़े गए युवक से लगातार पूछताछ की जा रही है। अभी तक उसकी पहचान और मकसद की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि वह युवक किस नीयत से संसद भवन के भीतर प्रवेश करना चाहता था-क्या वह सिर्फ जिज्ञासा या मानसिक असंतुलन की वजह से आया था, या फिर इसके पीछे कोई साजिश है।
बड़ा सवाल: सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना के बाद एक बार फिर संसद की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। हाल ही में संसद परिसर में सुरक्षा बढ़ाने की कई सिफारिशें की गई थीं, लेकिन शुक्रवार सुबह हुई यह घटना बताती है कि सुरक्षा चक्र में अभी भी कुछ कमजोरियां हैं।
संसद में घुसपैठ की यह कोशिश न केवल सुरक्षा एजेंसियों के लिए चेतावनी है, बल्कि देश की जनता के लिए भी चिंता का विषय है। अब सबकी नज़र इस बात पर है कि जांच एजेंसियां पकड़े गए युवक से क्या खुलासा करती हैं और संसद सुरक्षा व्यवस्था में क्या नए कदम उठाए जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications