PAC Election: विपक्ष में दरार, लोक लेखा समिति चुनाव में अतिरिक्त उम्मीदवार के आने से आज होगा मतदान
विपक्षी दलों में फिर से फूट देखने को मिली है। लोक लोख समिति के 7 सदस्यों की पोस्ट के लिए 8 लोगों ने उम्मीदवारी दाखिल कर दी, जिससे अब वोटिंग करवानी पड़ रही।

बीजेपी के खिलाफ सभी विपक्षी दल एक होने का दावा तो कर रहे, लेकिन वक्त-वक्त पर उनमें दरार देखने को मिल जाती है। ताजा मामला लोक लेखा समिति (पीएसी) के सदस्यों के चुनाव से जुड़ा है। राज्यसभा सदस्यों के लिए सात सीटों के मुकाबले अब आठ उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे, जिस वजह से मतदान करवाना पड़ रहा। विपक्षी नेताओं के मुताबिक उन्होंने कुछ दलों से उम्मीदवारी वापस लेने की अपील की थी, लेकिन वो नहीं माने। ऐसे में अब मतदान से ही समिति का चयन हो पाएगा।
दरअसल लोक लेखा समिति (पीएसी) के सदस्यों के चुनाव के लिए आज (मंगलवार) मतदान होगा, क्योंकि विपक्षी खेमे से एक अतिरिक्त उम्मीदवार ने अपनी उम्मीदवारी दाखिल की है। इस चुनाव में AAP की ओर से राघव चड्ढा, कांग्रेस के शक्तिसिंह गोहिल, बीजेपी के के. लक्ष्मण, घनश्याम तिवारी और सुधांशु त्रिवेदी, टीएमसी के सुखेंदु शेखर रे, डीएमके नेता तिरुचि शिवा और एडीएमके के एम. थंबीदुरई चुनाव लड़ रहे हैं। मामले में तृणमूल कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि विपक्षी उम्मीदवारों में से एक को अपनी उम्मीदवारी वापस लेने के लिए कहा गया था, लेकिन किसी ने ऐसा नहीं किया। इस वजह से चुनाव हो रहे हैं।
वैसे इस चुनाव में बीजेपी के तीनों उम्मीदवारों को जीत मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा कांग्रेस के एकमात्र उम्मीदवार गोहिल और डीएमके के थिरुचि शिवा भी जीत जाएंगे। इसमें मामला चड्ढा और थंबीदुरई के बीच फंसा है। उनकी उम्मीदवारी पर फैसला वोटिंग के बाद ही हो पाएगा।
क्या करती है ये समिति?
आपको बता दें कि लोक लेखा समिति कैग की रिपोर्ट और सरकार के अन्य मुद्दों की जांच करने वाली शीर्ष संस्था है। आजादी से पहले गठित इस समिति को प्रमुख पैनलों में से एक माना जाता है। खास बात ये है कि PAC का नेतृत्व सत्ताधारी पार्टी नहीं बल्कि विपक्ष के नेता करते हैं। अभी कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी इसके अध्यक्ष हैं।












Click it and Unblock the Notifications