Monsoon Session LIVE: पीएम मोदी आज लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर देंगे जवाब
Parliament Session Live Updates: लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर आज भी चर्चा होगी।एनडीए सरकार के खिलाफ विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव का जवाब देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज लोकसभा में आएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अविश्वास प्रस्ताव पर संसद में आज शाम 4 बजे जवाब देंगे।विपक्ष ने 26 जुलाई को मोदी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था, जिसे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने स्वीकार कर लिया था।
लोकसभा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की शुरुआत की। इसके बाद केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी आक्रामक नजर आईं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी चर्चा में हिस्सा लिया। शाह ने लोक सभा में विस्तार से बयान दिया।
इस बड़ी खबर पर हमारी नजर बनी हुई है, पल-पल के अपडेट के लिए पेज को रीफ्रेश करते रहें।

LIVE Feed
संसद से मणिपुर में शांति की अपील
मणिपुर हिंसा पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, मैतेई और कुकी दोनों समुदायों से बातचीत में शामिल होने की अपील करता हूं, हिंसा किसी भी समस्या का समाधान नहीं है...मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि हम राज्य में शांति लाएंगे। इस मुद्दे पर राजनीति नहीं की जानी चाहिए।
शाह ने कहा- UPA से INDIA बनना मजबूरी, 12 लाख करोड़ से अधिक का घोटाला
अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के अंतिम हिस्से में शाह ने कहा, विपक्षी दलों को UPA का नाम बदलकर INDIA रखना मजबूरी है। 12 लाख करोड़ से अधिक का घोटाला देश के सामने है। शाह ने पूर्ववर्ती सरकारों के समय हुए बोफोर्स, कोयला घोटाला समेत दर्जनों घोटाले गिनाए। सहयोगी मंत्री और भाजपा सांसदों ने एक स्वर में घोटाला-घोटाला की आवाज लगाकर एकजुटता प्रकट किया।
नेहरू-इंदिरा-राजीव गांधी के दौर में सबसे अधिक हिंसा हुई
पुराने दंगों का जिक्र कर शाह ने कांग्रेस को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के कार्यकाल में सबसे अधिक हिंसा हुई। उन्होंने अलग-अलग प्रदेशों में दंगे और हिंसा में हुई मौत के आंकड़े भी गिनाए।
शाह का दावा- शांति बहाली में पुरानी सरकारों से कम समय लगेगा
गृह मंत्री ने मैतेई और कुकी समुदाय से वार्ता में खुद सक्रिय रहने की बात कही। शांति का आह्वान करते हुए शाह ने कहा कि भारत सरकार के साथ बैठकर वार्ता करें। उन्होंने बताया कि घुसपैठ रोकने की हरसंभव कोशिश जारी है। उन्होंने मणिपुर और देश के लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और राजनीति से बचने की अपील भी की। उन्होंने कहा, पहले की सरकारों में नस्लीय हिंसा रोकने में लंबा समय लगा, लेकिन उन्हें भरोसा है कि वर्तमान सरकार इससे काफी कम समय में शांति बहाल करने में सफल होगी।
राहुल गांधी के मणिपुर दौरे पर क्या बोले शाह?
राहुल गांधी के दौरे का स्वागत करते हुए शाह ने कहा, वे चुराचांदपुर जाना चाहते थे। सरकार और प्रशासन ने हेलिकॉप्टर का ऑफर दिया, वे सड़क मार्ग से जाने पर अड़े रहे। अगले दिन हेलिकॉप्टर से जाने का फैसला लिया। ऐसी घटनाओं पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
नस्लीय हिंसा पर पहली बार केंद्रीय मंत्री मणिपुर गए, 36 हजार जवानों की तैनाती
शाह ने बताया कि वीडियो सामने आने के अगले ही दिन सरकार ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी अदालतों में ट्रायल फेस कर रहे हैं। शांति के उपायों पर गृह मंत्री ने कहा, तीन दिनों के दौरे पर हाईकोर्ट के रिटायर्ड जस्टिस की अध्यक्षता में कमीशन का गठन किया गया है। उन्होंने कहा, गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय 23 दिनों तक वहां रहे। 36 हजार पैरामिलिट्री जवानों की तैनाती से हालात काबू में हैं। तनाव घट रहा है।
शांति के उपाय के तहत 14 हजार से अधिक गिरफ्तारियां
मणिपुर की हिंसक घटनाओं में कमी का जिक्र करते हुए शाह ने बताया कि 14,898 लोगों की गिरफ्तारियां हुई हैं। 4 मई को महिलाओं को नंगा कर परेड कराए जाने पर शाह ने कहा, ऐसी घटनाएं किसी भी समाज में धब्बा हैं। उन्होंने सवाल किया कि 4 मई की वीडियो संसद सत्र की शुरुआत से एक दिन पहले सामने आया।
2014 से पहले भी भयानक नस्लीय हिंसा, तत्कालीन सरकारों के रूख पर बोले गृह मंत्री शाह
2014 के पहले की हिंसक घटनाओं का ब्यौरा देते हुए शाह ने कहा 700 लोग मारे गए, लेकिन तत्कालीन सरकारों में प्रधानमंत्री या गृह मंत्री ने बयान नहीं दिए। संसद में राज्य मंत्री ने बयान दिया। 1997-98 में प्रधानमंत्री आईके गुजराल की केंद्र सरकार के दौरान भी नस्लीय हिंसा हुई। संसद में चर्चा तक नहीं हुई।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद अफवाह फैली, तीन मई को जातीय हिंसा
गृह मंत्री ने बताया कि अप्रैल के अंतिम हफ्ते में जंगल में रहने वाले लोगों ने गांव घोषित करने की अफवाह फैलाई। इसके बाद स्थानीय लोगों के बीच असुरक्षा पैदा हुई। हाईकोर्ट ने 29 अप्रैल के पहले मैतेई को ट्राइबल घोषित करने का आदेश पारित किया। इसके बाद तीन मई को जातीय हिंसा शुरू हुई।
मणिपुर में 6 साल से भाजपा सरकार, एक भी दिन कर्फ्यू नहीं लगा
मणिपुर हिंसा पर बयान देते हुए गृह मंत्री शाह ने कहा, 6 साल के कार्यकाल के दौरान भाजपा सरकार ने उग्रवादी हिंसा पर काबू पाया। उन्होंने कहा, 6 साल में एक भी दिन कर्फ्यू नहीं लगा। म्यांमार में अशांति का जिक्र कर शाह ने बताया कि मिजोरम और मणिपुर में बड़ी संख्या में शरणार्थी भारत के जंगली प्रदेश में आकर बसे।
आंतरिक सुरक्षा के सवाल पर 9 साल में क्या हुआ? शाह ने गिनाए फैसले
मोदी सरकार के कार्यकाल में आंतरिक सुरक्षा के उपायों पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, हमने देश में पीएफआई पर प्रतिबंध लगाया और देश में 90 से अधिक स्थानों पर छापे मारे। लंदन, ओटावा और सैन फ्रांसिस्को में हमारे दूतावसों पर हमलों से संबंधित मामले एनआईए को सौंप दिए गए। 26/11 तहव्वुर हुसैन राणा को भी जल्द ही भारत में न्यायपालिका का सामना करना पड़ेगा।
शाह का दावा- MSP पर सबसे अधिक धान की खरीद मोदी सरकार ने की
शाह ने दावा किया कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर किसानों से सबसे अधिक धान की खरीद मोदी सरकार ने की है। गेहूं की खरीद UPA सरकार की तुलना में लगभग 23 लाख अधिक किसानों से की गई। यूपीए के दौर में अंतिम बार 251 लाख मीट्रिक टन खरीद की गई।
16 हजार करोड़ से अधिक का रक्षा निर्यात पीएम मोदी के 'आत्मनिर्भर भारत' विजन का नतीजा
गृह मंत्री अमित शाह ने अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कहा, प्रस्ताव पूरी तरह सियासत से प्रेरित है। इसलिए उन्हें बताना होगा कि नौ साल के कार्यकाल में प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने कौन से अहम फैसले लिए। शाह ने गिनाया कि रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए यूपी और तमिलनाडु में दो डिफेंस कॉरिडोर बनाए गए हैं।
2027 तक भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी इकोनॉमी होगी
अमित शाह ने कहा कि यह अविश्वास प्रस्ताव ऐसा है जिस पर न तो लोगों को और न ही सदन को सरकार पर अविश्वास है। उन्होंने दावा किया कि नरेंद्र मोदी आजादी के बाद देश में सबसे लोकप्रिय पीएम हैं। उन्होंने कहा, IMF समेत तमाम सर्वेक्षणों में कहा गया है कि भारत 2027 तक भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी इकोनॉमी होगी।
किसानों की कर्जमाफी पर शाह का सवाल, UPA ने 10 साल में 70 हजार करोड़ माफ किए
किसानों की कर्जमाफी पर शाह ने सवाल किया और कहा, 10 साल में 70 हजार करोड़ माफ किए गए। भाजपा नीत NDA सरकार ने किसानों के खाते में 2.40 लाख करोड़ रुपये भेजे हैं। किसानों को तय करना चाहिए कि उन्हें 70 हजार करोड़ की लॉलीपॉप चाहिए या सम्मान के साथ 6000 रुपये सालाना। ये रेवड़ी नहीं सर्वे के आधार पर किसानों की आर्थिक मदद है।
अविश्वास प्रस्ताव पहले भी आए, कांग्रेस की नीयत- येन-केन प्रकारेण सत्ता हासिल करना
लोक सभा में अमित शाह ने संसदीय इतिहास के कई अविश्वास प्रस्तावों का जिक्र किया। 1993 में पीवी नरसिम्हा राव की सरकार के कार्यकाल में लाए गए नो कॉन्फिडेंस मोशन का जिक्र कर शाह ने कहा अतीत में पैसों के प्रलोभन से सरकारें बचाई गईं। UPA और कांग्रेस के चरित्र पर सवाल खड़ा करते हुए शाह ने कहा, कांग्रेस की नीयत- येन-केन प्रकारेण सत्ता हासिल करना है।
आतंकी घटनाओं पर सदन में जवाब
गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में बताया कि केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में 2018 से 31 जुलाई 2023 तक 319 सुरक्षाकर्मी शहीद हुए, जबकि 791 आतंकवादी घटनाएं हुईं, मुठभेड़ों और जवाबी कार्रवाई के दौरान 35 नागरिक मारे गए।
एनडीआरएफ पर गृह राज्य मंत्री का बयान
गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में कहा कि देश में एनडीआरएफ को मजबूत करने के लिए भारत सरकार ने एनडीआरएफ की चार अतिरिक्त बटालियनों की स्थापना को मंजूरी दी थी, जिससे एनडीआरएफ बटालियनों की संख्या 12 से बढ़कर 16 हो गई है।
रॉबर्ट वाड्रा की अडानी से दिखाई फोटो
केंद्रीय मंत्री और बीजेपी सांसद स्मृति ईरानी ने गौतम अडानी के साथ रॉबर्ट वाड्रा की तस्वीर दिखते हुए कहा, "ये कब से अडानी अडानी कर रहे हैं, तो अब थोड़ा अब मैं भी बोल दूं। फोटो मेरे पास भी है। 1993 में कांग्रेस ने मुंद्रा पोर्ट में अडानी को जगह दी। यूपीए शासन के दौरान, उन्होंने दी अडानी को 72,000 करोड़ रुपये का ऋण। कांग्रेस शासन के दौरान विभिन्न राज्यों में बंदरगाहों का काम अडानी को क्यों दिया गया?"
READ MORE












Click it and Unblock the Notifications