Sansad Mein Aaj Kya Hua: पांचवें दिन भी हंगामे की वजह से संसद नहीं चली, स्पीकर ने बुलाई सर्वदलीय बैठ
Sansad Mein Aaj Kya Hua: मानसून सत्र का पहला सप्ताह हंगामे के नाम रहा और लगातार पांचवें दिन भी दोनों सदन की कार्यवाही बाधित हुई। सत्र शुरू होते ही विपक्षी सांसदों का हंगामा शुरू हो गया और राज्यसभा को सोमवार तक के लिए स्थगित करना पड़ा। लोकसभा में भी कांग्रेस, टीएमसी, आरजेडी, समाजवादी पार्टी जैसे दलों ने जोरदार हंगामा किया और SIR पर चर्चा की मांग की। स्पीकर ओम बिरला ने गतिरोध समाप्त करने के लिए सर्वदलीय बैठक भी बुलाई। हालांकि, सदन में चल रहे हंगामे की वजह से लोकसभा पहले 12 बजे तक के लिए स्थगित की गई, फिर दो बजे तक के लिए और आखिरकार सोमवार तक के लिए स्पीकर ने सदन स्थगित कर दिया।
लोकसभा और राज्यसभा में गतिरोध खत्म नहीं हो सका और मानसून सत्र का पहला सप्ताह हंगामे के ही नाम रहा। बीजेपी का आरोप है कि विपक्ष का मकसद हंगामा करना है, जबकि सरकार चर्चा के लिए तैयार है। दूसरी तरफ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी सांसदों ने कहा कि सरकार चर्चा से भाग रही है और विपक्ष की आवाज दबाना चाहती है।

Sansad Mein Aaj Kya Hua: हंगामे के नाम रहा दिन
सदन की कार्यवाही शुरू होने के चंद मिनटों बाद ही स्पीकर ओम बिरला और राज्यसभा में उपसभापति हरिवंश को सदन में अव्यवस्था और शोरगुल के कारण कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। स्पीकर ओम बिरला ने सांसदों के व्यवहार को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि संसद का सत्र जरूरी होता है और इस तरह हंगामे की भेंट नहीं चढ़ा सकते। हालांकि, उनकी नाराजगी और विपक्षी सांसदों को समझाने की कोशिश काम नहीं आई। शुक्रवार को दोनों सदन स्थगित ही करने पड़े।
यह भी पढ़ें: विपक्ष के भारी विरोध के बावजूद केंद्र सरकार का फैसला, संसद में SIR पर नहीं होगी चर्चा
SIR के विरोध में राहुल गांधी ने जलाया पोस्टर
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के सांसदों ने SIR का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के सांसदों ने बिहार में वोटर लिस्ट संशोधन के विरोध में नारे लगाए और पोस्टर दिखाए। राहुल गांधी समेत कई विपक्षी सदस्यों ने SIR को फाड़कर उसे कूड़ेदान में फेंक दिया।
स्पीकर ओम बिरला ने गतिरोध दूर करने के लिए बुलाई सर्वदलीय बैठक
लोकसभा में गतिरोध दूर करने के प्रयासों के तहत स्पीकर ओम बिरला ने सर्वदलीय बैठक बुलाई थी। दोपहर 12.30 बजे बैठक बुलाई गई। केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने बताया कि राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात कर गतिरोध दूर करने का प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़ें: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से अचानक क्यों मिलने पहुंचे अमित शाह? क्या हैं इस मुलाकात के मायने
उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए निर्वाचन अधिकारी नियुक्त
जगदीप धनखड़ के इस्तीफे की वजह से उपराष्ट्रपति का पद खाली हो गया है। केंद्रीय चुनाव आयोग ने राज्यसभा महासचिव पीसी मोदी को उपराष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया है। नियमों के मुताबिक, पद खाली होने के 60 दिनों के अंदर चुनाव कराया जाना अनिवार्य है। चुनाव आयोग ने भी कहा है कि तय सीमा से पहले चुनाव कराए जाएंगे और उसके लिए जरूरी प्रक्रियाएं की जा रही हैं। चुनाव आयोग ने राज्यसभा सचिवालय की संयुक्त सचिव गरिमा जैन और राज्यसभा सचिवालय के निदेशक विजय कुमार को इस चुनाव के लिए सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया है।












Click it and Unblock the Notifications