Parliament monsoon session highlights: लोकसभा और राज्यसभा में SIR पर भारी हंगामे के बीच पारित हुआ ये दो बिल
Parliament monsoon session day 14 highlights: बिहार में मतदाता सूची संशोधन को लेकर विपक्षी दलों के हंगामे के बीच गुरुवार को राज्यसभा की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई। विपक्षी सांसद बिहार में चुनावी सूचियों के विशेष गहन संशोधन (SIR) पर चर्चा की मांग कर रहे थे, जिसके चलते दोपहर बाद की बैठक में कार्यवाही बाधित होने के बाद रोक दी गई।
वहीं लोकसभा और राज्यसभा में विपक्षी सांसदों ने जोरदार प्रदर्शन किया, जिसके कारण कई बार कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी और अंततः पूरे दिन विपक्ष सदन में ज़ोरदार विरोध प्रदर्शन करते रहे। जिसके चलते दोनों सदनों की कार्यवाही 8 अगस्त, 2025 को सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

हालांकि विपक्ष के भारी हंगामे के बीच लोकसभा में मणिपुर वस्तु एवं सेवा कर (संशोधन) विधेयक, 2025 को बिना किसी चर्चा के पारित कर दिया गया और राज्यसभा में भारी हंगामे के बावजूद 'द कोस्टल शिपिंग बिल, 2025 पारित कर दिया गया।
विपक्षी नेता SIR पर चर्चा को लेकर जमकर की नारेबाजी
सुबह 11 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसद, जिनमें कांग्रेस के सदस्य भी शामिल थे, बिहार में मतदाता सूची के पुनरीक्षण पर चर्चा की मांग करते हुए नारेबाजी करने लगे और तख्तियां दिखाने लगे। उनके विरोध के कारण सदन को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा।
हंगामे के बीच लोकसभा में पास हुआ मणिपुर वस्तु एवं सेवा कर (संशोधन) विधेयक, 2025
दोपहर में भी विरोध जारी रहा, जिसके चलते लोकसभा को दोपहर 2 बजे तक और फिर पूरे दिन के लिए स्थगित कर दिया गया। इसी बीच, विपक्ष के विरोध के बावजूद लोकसभा ने शोरगुल के बीच मणिपुर वस्तु एवं सेवा कर (संशोधन) विधेयक, 2025 ध्वनि मत से पारित कर दिया। यह विधेयक मणिपुर राज्य के समेकित कोष से वित्तीय वर्ष 2025-26 की सेवाओं के लिए कुछ राशि के भुगतान और विनियोग को अधिकृत करता है।
सीतारमण ने कसा ये विपक्ष पर मणिपुर को लेकर कसा तंज
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस दौरान विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वे मणिपुर की बात तो करते हैं, लेकिन राज्य को धन आवंटित करने से रोक रहे हैं, जबकि राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू है। उन्होंने विपक्ष के व्यवधान की आलोचना की।
सोनिया गांधी और खड़गे ने भी किया विरोध-प्रदर्शन
इसी बीच, INDIA ब्लॉक के कई सांसदों, जिनमें कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल थे, ने संसद भवन परिसर में भी विरोध प्रदर्शन किया। वे बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ बैनर और पोस्टर लिए हुए थे और उन्होंने SIR को वापस लेने की मांग करते हुए नारे लगाए।
राज्यसभा में कई विपक्षी सांसद वेल में आए गए
राज्यसभा में भी इसी मुद्दे पर हंगामा हुआ। सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होने के तुरंत बाद ही SIR अभ्यास पर विरोध के कारण दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। दोपहर के भोजन के बाद जब सदन की कार्यवाही फिर से शुरू हुई,विपक्षी सांसदों ने फिर से एसआईआर के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। विपक्षी सांसदों का विरोध जारी रहा और कई सांसद सदन के वेल में आ गए। इस दौरान, तृणमूल कांग्रेस की सांसद ममता ठाकुर को तख्ती दिखाने के लिए सभापति घनश्याम तिवारी ने नामजद किया। विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को सभापति ने संक्षेप में बोलने की अनुमति दी।
खड़गे बाेले-विपक्ष "देश के हित में सब कुछ करेगा
खड़गे ने कहा कि देश "खतरनाक" समय से गुजर रहा है और सरकार और विपक्ष को मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने सरकार से SIR पर बहस की अनुमति देने का आग्रह किया और कहा कि विपक्ष "देश के हित में सब कुछ करेगा।"
'द कोस्टल शिपिंग बिल, 2025' हंगामें के बीच पारित हुआ
हालांकि, सदन के नेता जे.पी. नड्डा ने सभापति से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विधेयक पर कार्यवाही जारी रखने का आग्रह किया। शोरगुल और नारेबाजी के बीच, द कोस्टल शिपिंग बिल, 2025 को ध्वनि मत से पारित कर दिया गया। इसके तुरंत बाद, बिहार में चुनावी रोल के पुनरीक्षण के मुद्दे पर विपक्ष के विरोध के कारण राज्यसभा को भी पूरे दिन के लिए स्थगित कर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications