Parliament Budget Session Day 3 Highlights: गृहमंत्री अमित शाह विपक्ष पर बरसे, अविश्वास प्रस्ताव हुआ खारिज
Parliament Budget Session Day 3 Highlights: संसद के सत्र में विभिन्न मुद्दों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव तेज हो गया है। विपक्ष द्वारा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर बुधवार को चर्चा हुई। इस दौरान सदन में माहौल काफी गर्मा-गर्मी का बन गया और सत्ता पक्ष और विपक्षी सांसदों के बीच तीखी तकरार हुई। गृहमंत्री अमित शाह ने भी अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा में हिस्सा लिया और विपक्ष पर जमकर बरसे। हालांकि, वोटों की गिनती के आधार पर स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव खारिज कर दिया गया।
पीएम नरेंद्र मोदी पर राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर माहौल तनावपूर्ण हो गया। रविशंकर प्रसाद ने नेता विपक्ष की टिप्पणी को असंसदीय बताते हुए रिकॉर्ड से हटाने की मांग की। इस दौरान दोनों के बीच जमकर जुबानी तकरार हुई। कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने एक बार फिर एपस्टीन फाइल, भारत-अमेरिका ट्रेड डील का मुद्दा उठाया। इस पर भी काफी हंगामा हुआ।

Parliament Budget Session Day 3 Highlights: शाह ने दिया सदन में जवाब
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि लोकसभा स्पीकर के सामने जो अविश्वास प्रस्ताव आया है, ये घटना कोई सामान्य घटना नहीं है। करीब 4 दशक बात एक बाद फिर से लोकसभा अध्यक्ष के सामने अविश्वास प्रस्ताव आया है। संसदीय राजनीति और ये सदन दोनों के लिए ये अफसोसजनक घटना है। स्पीकर किसी दल के नहीं होते हैं सदन के होते हैं। एक प्रकार से सदन के सभी सदस्यों के अधिकार के वे संरक्षक भी होते हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि वह सदन में नहीं आते हैं। स्पीकर ने सभी दलों के सदस्यों को संरक्षण दिया है। इस अविश्वास प्रस्ताव से देश की बदनामी हो रही है।
Budget Session Day 3: अनुराग ठाकुर ने साधा राहुल पर निशाना
बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी और विपक्षी सांसदों पर निशाना साधा। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा, 'कुछ लोग तो बिल्कुल ही बेबुनियाद होकर सदन में आते हैं। उनमें न तो नागरिक बोध है, न सामान्य ज्ञान और न ही संवैधानिक समझ। जब हम लोकसभा सदस्य बने थे, तब हमें सदन के अंदर व्यवहार करने का तरीका बताया गया था। लेकिन एक व्यक्ति इन सभी नियमों को तोड़ता है, और वो है दुष्प्रचार का नेता। ये है FOMO गांधी। उसे सुर्खियों में न आने का डर है।'
Parliament Budget Session: लोकसभा में विपक्ष का हंगामा
अमित शाह के संबोधन के दौरान लोकसभा में विपक्षी सांसदों ने जमकर हंगामा किया। इसकी वजह से पीठासीन अधिकारी जगदंबिका पाल को बार-बार बीच बचाव भी करना पड़ा। अविश्वास प्रस्ताव पर बोलते हुए कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने कहा, ''विपक्ष के वक्ता(राहुल गांधी) ने सभी बातों को बड़े स्पष्ट रूप से सदन में रखने का काम किया है। सत्ता पक्ष की तरफ से जो भाषा इस्तेमाल की गई है, वो विपक्ष के नेता को लेकर है। ऐसा लग रहा है कि अविश्वास प्रस्ताव लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ नहीं है बल्कि विपक्ष के नेता के खिलाफ है। सरकार का सारा ध्यान विपक्ष के नेता पर है।'












Click it and Unblock the Notifications