'पापा ये मुझे मार डालेंगे', हत्या या सुसाइड? मौत से 20 मिनट पहले पलक ने फोन पर क्या कहा? सामने आई कहानी
Palak Rajak Death Case: भोपाल की ट्विशा शर्मा (Twisha Sharma) की मौत का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब ग्वालियर से एक और नई-नवेली दुल्हन की मौत ने लोगों को झकझोर दिया है। ग्वालियर की रहने वाली 21 साल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पलक रजक (Palak Rajak) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, जबकि मायके वालों का आरोप है कि पलक की हत्या की गई है।
कार की मांग, मारपीट, ताने और मानसिक दबाव। परिवार का कहना है कि शादी के कुछ महीने बाद से ही उसे दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था। शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना ने पलक को अंदर से तोड़ दिया था। मौत से पहले किया गया आखिरी फोन कॉल, इंस्टाग्राम पोस्ट और परिवार को सुनाई गई बातें अब इस मामले को और गंभीर बना रही हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और ससुराल वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।

एक साल पहले दुल्हन बनी थी पलक
ग्वालियर के मुरार इलाके की रहने वाली 21 साल की पलक रजक ने पिछले साल 14 अप्रैल 2025 को नए सपनों के साथ शादी की थी। परिवार का कहना है कि शादी के शुरुआती कुछ महीने ठीक रहे, लेकिन धीरे-धीरे ससुराल का माहौल बदलने लगा। आरोप है कि ताने, दबाव और दहेज की मांग ने पलक की जिंदगी को पूरी तरह बदल दिया।
मुरार CSP अतुल कुमार सोनी के मुताबिक, 12 मई को पलक अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिली। उसे तुरंत मुरार अस्पताल ले जाया गया, जहां से परिवार के कहने पर बिड़ला अस्पताल शिफ्ट किया गया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू कर दी।
दहेज के लिए परेशान करने का आरोप
मायके पक्ष का आरोप है कि पलक को लगातार दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था। ससुराल वाले कार की मांग कर रहे थे। परिवार का कहना है कि उसके गहने अपने पास रख लिए गए थे और उसकी FD तक तुड़वा ली गई थी। आरोप यह भी है कि उसे बार-बार ताने दिए जाते थे और उसके साथ मारपीट की जाती थी।
CSP अतुल कुमार सोनी के अनुसार जांच में दहेज प्रताड़ना से जुड़ी बातें सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट, परिवार के बयान और घटनास्थल से जुटाए गए सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पलक ने मौत से पहले किया था पिता को फोन
पलक रजक ने मौत से करीब 20 मिनट पहले अपने पिता को फोन किया था। पलक के पिता के मुताबिक उसने रोते हुए कहा था कि उसे वहां से ले जाया जाए। उसने अपने पिता से जान बचाने की गुहार लगाई थी। पलक ने अपने भाई से भी बात की थी। उसने कहा था कि अगर उसे तुरंत वहां से नहीं निकाला गया तो ससुराल वाले उसे मार देंगे। परिवार का कहना है कि भाई जब तक ससुराल पहुंचता, उससे पहले पलक को अस्पताल ले जाया जा चुका था।
इंस्टाग्राम पोस्ट ने बढ़ाया शक
पलक रजक सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव थी और एक इन्फ्लुएंसर के तौर पर जानी जाती थी। उसकी मौत के बाद उसका आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट भी चर्चा में है। पोस्ट में उसने पैनिक अटैक, चिंता, लगातार रोना, नींद न आना और डिप्रेशन जैसी बातें लिखी थीं।
परिवार का कहना है कि बाहर से खुश दिखने वाली पलक अंदर से काफी परेशान थी। सोशल मीडिया पर मुस्कुराती दिखने वाली पलक की जिंदगी में क्या चल रहा था, इसका अंदाजा उसके आखिरी पोस्ट से लगाया जा रहा है।
तीन दिन से नहीं खाया था खाना
परिजनों के मुताबिक पलक पिछले तीन दिनों से ठीक से खाना नहीं खा रही थी। वह शादी के बाद खुश नहीं थी और कई बार अपने परिवार से इस बारे में बात कर चुकी थी। परिवार का आरोप है कि दहेज की मांग और लगातार मानसिक दबाव की वजह से उसकी हालत बिगड़ती जा रही थी।
ससुराल वालों पर दर्ज होगा केस
पुलिस ने कहा है कि मामले में ससुराल पक्ष के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। पुलिस सभी बयानों और सबूतों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर कार्रवाई होगी।
ट्विशा शर्मा केस से हो रही तुलना
इससे पहले भोपाल की ट्विशा शर्मा की मौत ने भी पूरे मध्य प्रदेश को हिला दिया था। ट्विशा की शादी दिसंबर 2025 में हुई थी। परिवार का आरोप है कि शादी के पांच महीने के भीतर ही उसे दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा था। उस मामले में पुलिस ने ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह को आरोपी बनाया है। मामले की जांच SIT कर रही है। अब ग्वालियर की पलक रजक की मौत के बाद दोनों मामलों की तुलना की जा रही है।
इसी बीच ग्रेटर नोएडा की दीपिका नगर की मौत ने भी सनसनी फैला दो है। दीपिका के ससुराल वालों का कहना है कि दीपिका ने छत से कूद कर जान दे दी जबकि घरवाले दहेज के लिए हत्या की बात कह रहे हैं। एक सप्ताह के अंदर ये तीनों मौतें बड़ा सवाल खड़ा करती हैं। 21वीं सदी में हम जी रहे हैं लेकिन आज भी लड़कियों की हत्या दहेज के लिए की जा रही है!












Click it and Unblock the Notifications