Noida Crime: Fortuner, ₹1cr की डिमांड ने ली दीपिका की जान! छत से कूदकर मौत, पिता ने बताया किस हाल में थी बेटी
Noida Dowry Death: नोएडा से दहेज उत्पीड़न का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने एक बार फिर समाज को झकझोर दिया है। 24 साल की एक महिला दीपिका ने कथित तौर पर लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर अपनी जान दे दी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष उस पर दहेज के लिए दबाव बना रहा था।
मामला इतना बढ़ गया कि महिला ने घर की तीसरी मंजिल छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना नोएडा के जलपुरा गांव की है, जो इकोटेक-3 थाना क्षेत्र में आता है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतका के पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच अभी जारी है।

🔷14 महीने पहले हुई थी शादी
पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान दीपिका के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब 14 महीने पहले ऋतिक नाम के युवक से हुई थी। परिवार का आरोप है कि शादी के दौरान दहेज में फॉर्च्यूनर एसयूवी और करीब 1 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई थी।
इसके बावजूद ससुराल वालों की मांगें खत्म नहीं हुईं। आरोप है कि शादी के बाद भी लगातार अतिरिक्त दहेज के लिए दबाव बनाया जाता रहा। परिवार का कहना है कि दीपिका मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थी।
🔷छत से कूदकर दी जान
पुलिस के मुताबिक 17 मई 2026 की रात दीपिका ने घर की छत से छलांग लगा दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले। इसके बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में मामला दहेज उत्पीड़न से जुड़ा माना जा रहा है।

🔷पिता की शिकायत पर FIR
मृतका के पिता ने पुलिस को लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर केस दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि शादी के बाद से ही दीपिका को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पति ऋतिक और उसके पिता मनोज को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पिता संजय कहते हैं,
"मेरी बेटी दीपिका की शादी 11 दिसंबर 2024 को जलपुरा गांव के मनोज के बेटे ऋतिक से हुई थी। लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद,उन्होंने दहेज को लेकर उसे परेशान करना शुरू कर दिया। कल ही मैं उनके घर गया था और उनसे बात की थी। लेकिन मेरे वहां से निकलने के आधे घंटे बाद ही मुझे मनोज का फोन आया, जिसने मुझे बताया कि मेरी बेटी दीपिका गिर गई है। मैंने उससे पूछा, 'क्या वह सीढ़ियों से गिरी? क्या वह बाथरूम में गिरी?' उसने जवाब दिया, 'वह छत से गिर गई है और हम अभी उसे शारदा अस्पताल ले जा रहे हैं।' जब हम अस्पताल पहुंचे और उसे देखा, तो वह मृत मिली। हमने तुरंत पुलिस को बुलाया। ऐसे लोग एनकाउंटर से कम किसी भी सज़ा के हकदार नहीं हैं।"
🔷पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस के आधिकारिक बयान के मुताबिक महिला ने कथित तौर पर दहेज प्रताड़ना से परेशान होकर यह कदम उठाया। अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस ने यह भी साफ किया कि मामला इकोटेक-3 थाना क्षेत्र का है और जांच अभी जारी है। अधिकारियों के अनुसार परिवार और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
🔷 दहेज कानून के बावजूद क्यों नहीं रुक रहे ऐसे मामले?
भारत में दहेज लेना और देना कानूनन अपराध है, लेकिन इसके बावजूद ऐसे मामले लगातार सामने आते रहते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि सामाजिक दबाव, दिखावे की संस्कृति और आर्थिक लालच कई परिवारों को इस अपराध की ओर धकेलते हैं।
नोएडा का यह मामला सिर्फ एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि उस सामाजिक सोच का भी आईना है जहां शादी को अब भी आर्थिक सौदे की तरह देखा जाता है।पिछले कुछ दिनों में भोपाल समेत कई शहरों से दहेज प्रताड़ना और संदिग्ध मौतों की खबरें सामने आई हैं। ऐसे मामलों ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और वैवाहिक उत्पीड़न को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे













Click it and Unblock the Notifications