पाकिस्तान उच्चायोग के अधिकारी पर सरोजनी नगर मार्केट में महिला ने गलत तरीके से छुने का आरोप लगाया!
नई दिल्ली। अभी तक पाकिस्तान में भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों को परेशान किया जा रहा था। लेकिन अब भारत में पाकिस्तान उच्चायोग के अधिकारी आम नागरिकों के साथ झगड़े और बहस जैसे कामों को अंजाम देने में लग गए हैं। दिल्ली पुलिस ने पाकिस्तान उच्चायोग के अधिकारी को तलब किया है। इस अधिकारी ने शनिवार को सरोजनी नगर में एक महिला से झगड़ा किया था।
लिखित माफीनामे पर हुआ रिहा
सूत्रों की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक इस अधिकारी ने पुलिस के पास लिखित में माफीनामा दिया है। इस माफीनामे के बाद ही मसले को सुलझाया जा सका। दिल्ली पुलिस के सूत्रों की ओर से दी गई जानकारी में कहा गया है, 'इस महिला ने अधिकारी के खिलाफ पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला से झगड़े के बाद पुलिस उसे थाने में लेकर आई। अधिकारी ने माफी मांगी और फिर से उसे जाने दिया गया। मामले में किसी तरह की कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। महिला ने पुलिस से कहा था कि इस अधिकारी ने उसे बाजार में गलत तरीके से छुआ था। हालांकि अधिकारी ने महिला के आरोपों को खारिज किया है। उसका कहना है कि बाजार में भारी भीड़ होने की वजह से गलती से उसका हाथ महिला को छू गया था।