ऑपरेशन सिंदूर के 25 दिन बाद भारत ने हटाया PAK चैनल्स पर प्रतिबंध! कलाकारों पर 'डिजिटल बैन' की PM मोदी से मांग
Pakistani Channels Unbanned: पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत द्वारा शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर के दौरान लगाए गए प्रतिबंधों के 25 दिन बाद, कई पाकिस्तानी यूट्यूब चैनल और मशहूर हस्तियों के सोशल मीडिया अकाउंट भारत में फिर से दिखाई देने लगे हैं। हालांकि, सरकार ने इन प्रतिबंधों को हटाने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
इस घटना ने ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) को आक्रोशित कर दिया है, जिसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर पाकिस्तानी कलाकारों और चैनलों के सोशल मीडिया अकाउंट पर 'डिजिटल ब्लैकआउट' की मांग की है।

पाकिस्तानी चैनल और कलाकारों की भारत में एंट्री!
22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तानी सामग्री पर सख्ती दिखाते हुए 16 यूट्यूब चैनलों, जैसे Dawn News, Samaa TV, ARY News, Geo News, और कई अन्य को बैन कर दिया था। इसके अलावा, मावरा होकेन, सबा कमर, हानिया आमिर, युमना जैदी, अहद रजा मीर और दानिश तैमूर जैसे पाकिस्तानी कलाकारों के इंस्टाग्राम अकाउंट भी भारत में ब्लॉक कर दिए गए थे। लेकिन, 2 जुलाई 2025 को ये चैनल और अकाउंट फिर से भारतीय यूजर्स के लिए उपलब्ध हो गए। Hum TV, ARY Digital, और Har Pal Geo जैसे ड्रामा चैनल भी अब भारत में स्ट्रीम हो रहे हैं।
AICWA का गुस्सा: 'शहीदों का अपमान'
AICWA ने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए इसे 'शहीद सैनिकों और आतंकी हमलों में जान गंवाने वालों का अपमान'बताया। अपने पत्र में संगठन ने लिखा, 'पाकिस्तानी कलाकारों और चैनलों का फिर से भारत में दिखना न सिर्फ डिजिटल उपस्थिति है, बल्कि यह उन हजारों सैनिकों और नागरिकों के बलिदान का अपमान है, जो 26/11, पुलवामा, उरी और पहलगाम जैसे पाकिस्तान प्रायोजित आतंकी हमलों का शिकार हुए।'
AICWA ने प्रधानमंत्री से की 3 तीन मांगें, जानें क्या हैं?
- राष्ट्रव्यापी डिजिटल ब्लैकआउट: सभी पाकिस्तानी सोशल मीडिया अकाउंट और मीडिया चैनलों पर तत्काल प्रतिबंध।
- सहयोग पर रोक: भारतीय मीडिया, ओटीटी प्लेटफॉर्म्स, और विज्ञापनों में पाकिस्तानी नागरिकों के साथ किसी भी तरह के सहयोग या प्रचार पर पाबंदी।
- सांस्कृतिक बहिष्कार: भारतीय सशस्त्र बलों और शहीदों के सम्मान में पाकिस्तान के साथ सांस्कृतिक संबंध पूरी तरह खत्म करने की घोषणा।
पहले भी उठ चुका है विवाद?
हाल ही में AICWA ने पंजाबी अभिनेता-गायक दिलजीत दोसांझ के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की थी, क्योंकि उनकी फिल्म सरदार जी 3 में पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर को कास्ट किया गया था। संगठन ने दिलजीत के सोशल मीडिया अकाउंट्स को निलंबित करने और उनके गाने व फिल्में यूट्यूब, स्पॉटिफाई, JioSaavn जैसे प्लेटफॉर्म्स से हटाने की मांग की थी।
सरकार ने साधी चुप्पी?
प्रतिबंध हटने के बावजूद सरकार या सूचना और प्रसारण मंत्रालय की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। यह स्पष्ट नहीं है कि यह कदम जानबूझकर उठाया गया या तकनीकी त्रुटि का परिणाम है। कुछ एक्सपर्ट्स का मानना है कि भारत और पाकिस्तान के बीच 10 मई को हुए युद्धविराम समझौते के बाद तनाव कम करने की कोशिश के तहत यह कदम उठाया गया हो सकता है।
पाकिस्तानी चैनलों और कलाकारों के सोशल मीडिया अकाउंट्स की भारत में वापसी ने एक बार फिर दोनों देशों के बीच तनाव को उजागर कर दिया है। AICWA की मांग और जनता का गुस्सा दर्शाता है कि यह मुद्दा भावनात्मक और राजनीतिक रूप से संवेदनशील है। अब यह देखना बाकी है कि सरकार इस पर क्या रुख अपनाती है और क्या 'डिजिटल ब्लैकआउट' की मांग पूरी होती है।
ये भी पढ़ें- Fact Check: कतर-पाकिस्तान युद्धाभ्यास पर भारत की आपत्ति का दावा फर्जी, साल 2021 की तस्वीर करवा रहे वायरल












Click it and Unblock the Notifications