राजौरी के मंजकोट में पाकिस्तान की ओर से फायरिंग में एक जवान शहीद
राजौरी। शनिवार को एक बार फिर पाकिस्तान की ओर से जम्मू कश्मीर में राजौरी में युद्धविराम तोड़ा गया है। फायरिंग में एक जवान के शहीद होने की खबरें हैं। इसके अलावा कुलगाम में भी एक आतंकी हमले की खबरें हैं। पाकिस्तान की ओर से राजौरी के मंजकोट में फायरिंग की गई है। यह इलाका एलओसी से सटा हुआ है।

सेना दे रही पाक को जवाब
पाकिस्तान की तरफ से मंजकोट में लगातार फायरिंग जारी है। भारत की तरफ से पाकिस्तान की ओर से जारी फायरिंग का मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है। इस फायरिंग में लांस नायक मोहम्मद नसीर शहीद हो गए हैं। शनिवार को ही नॉर्थ कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों ने सीआरपीएफ और पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी पर ग्रेनेड हमला किया। इस हमले में एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। हमला कुलगाम के लारू इलाके में हुआ और कुछ आतंकी फरार बताए जा रहे हैं। सेना ने इलाके को घेर लिया है और सर्च ऑपरेशन जारी है। इस हमले में सीआरपीएफ के एक जवान के घायल होने की खबरें हैं। इससे पहले नौ जुलाई को भी त्राल में सीआरपीएफ की टीम पर इसी तरह का हमला हुआ था और उसमें भी एक जवान घायल हो गया था।
शनिवार को त्राल में ढेर तीन आतंकी
इससे पहले शनिवार की सुबह सुरक्षाबलों ने साउथ कश्मीर के त्राल में तीन आतंकियों को मार गिराया है। पुलवामा के त्राल में हुए इस एनकाउंटर से पहले सुरक्षाबलों को आतंकियों से जुड़ी इंटेलीजेंस मिली थी। सुरक्षाबलों ने त्राल के सतोरा इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। अब तक जम्मू कश्मीर में सुरक्षाबलों ने 102 आतंकियों को मार गिराया है। इसके साथ जनवरी से जुलाई के बीच मारे जाने वाले आतंकियों की यह संख्या पिछले सात वर्षों में सबसे ज्यादा हो गई है। सबसे ज्यादा एनकाउंटर साउथ कश्मीर के पुलवामा, शोपियां और अनंतनाग जिलों में हुए हैं। जबकि दूसरे ऑपरेशंस नॉर्थ कश्मीर के बांदीपोर और कुपवाड़ा के साथ सेंट्रल कश्मीर के बडगाम जैसे जिलों में हुए।












Click it and Unblock the Notifications