बॉर्डर पर गोलीबारी कर आतंकियों की घुसपैठ को 'कवर' कर रहा है पाक: राजनाथ सिंह
नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को निर्देश दिया है कि पाकिस्तान द्वारा किसी भी अकारण गोलीबारी का वह मुंहतोड़ जवाब दें। राष्ट्रीय राजधानी में राजनाथ ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि मैंने बीएसएफ को सीमा के उस पार (पाकिस्तान) से अकारण गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब देने का निर्देश दिया है। राजनाथ सिंह ने यह भी कहा कि अकारण गोलीबारी से कड़ाई से निपटा जाएगा।

इस सवाल के जवाब में कि कहीं इसके पीछे पाकिस्तान का इरादा आतंकवादियों की घुसपैठ कराना तो नहीं है, राजनाथ ने कहा, "हां, इसमें कोई शक नहीं।" राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तान जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों की घुसपैठ कराने के प्रयास में सीमा पर लगातार फायरिंग करके ऐसी कोशिशों को ‘कवर' दे रहा है। भारत द्वारा भारी गोलीबारी करने की पाकिस्तान की शिकायत के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि ये पाकिस्तान ही है जिसने फायरिंग की शुरूआत की और ‘हमने तो महज़ जवाबी कार्रवाई की है।'
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान के रेंजरों ने कल जम्मू कश्मीर के सांबा क्षेत्र में भारत की 13 सीमा चौकियों को निशाना बनाया था। इससे एक दिन पहले भी उसने भारतीय क्षेत्र में गोलीबारी की जिसमें एक भारतीय जवान शहीद हुआ और भारत की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में चार पाकिस्तानी रेंजर ढेर हो गए।












Click it and Unblock the Notifications