पद्मावत: सुप्रीम कोर्ट में चार राज्यों और करणी सेना के तीन नेताओं के खिलाफ अवमानना की याचिका दाखिल
फिल्म की रिलीज को सुप्रीम कोर्ट की हरी झंडी मिलने के बावजूद करणी सेना और हिंदू संगठन देश के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
Recommended Video

नई दिल्ली। विवादों और हंगामे के बीच रिलीज हुई फिल्म पद्मावत को लेकर शुरू हुआ बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। फिल्म की रिलीज को सुप्रीम कोर्ट की हरी झंडी मिलने के बावजूद करणी सेना और हिंदू संगठन देश के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच सुप्रीम कोर्ट में देश के चार राज्यों हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश व गुजरात और करणी सेना के तीन सदस्यों के खिलाफ अवमानना याचिका दाखिल की गई है। याचिकाकर्ता का कहना है कि ये चारों राज्य कानून-व्यवस्था संभालने की अपनी जिम्मेदारी निभाने में नाकाम साबित हुए हैं।

'हिंसा रोकने में नाकाम हुए चारों राज्य'
सुप्रीम कोर्ट में पहली याचिका कांग्रेस के नेता तहसीन पूनावाली की ओर से दाखिल की गई है। याचिका में कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट ने फिल्म को रिलीज करने और रिलीज के दौरान राज्यों को कानून-व्यवस्था कायम रखने का आदेश दिया था। इसके बावजूद हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात में फिल्म को लेकर लगातार हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं। ये चारों राज्य कानून व्यवस्था को कायम रखने में नाकाम साबित हुए हैं। ऐसे में इन राज्य सरकारों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट की अवमानना का मुकदमा चलाया जाए।

सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को सुनवाई
इस मामले में दूसरी याचिका विनीत ढांडा ने दाखिल की है। याचिकाकर्ता ने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट ने फिल्म को रिलीज करने का आदेश दिया है। इसके बावजूद करणी सेना लगातार फिल्म की रिलीज का विरोध कर रही है। याचिकाकर्ता ने करणी सेना के तीन नेताओं लोकेंद्र सिंह कल्वी, सूरजपाल और कर्ण सिंह के खिलाफ कोर्ट की अवमानना का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। इन दोनों याचिकाओं पर सोमवार को सुनवाई होगी।

देश में जगह-जगह विरोध प्रदर्शन
गौरतलब है कि फिल्म के विरोध में देश के कई राज्यों में विरोध-प्रदर्शन जारी हैं। राजस्थान, हरियाणा, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के कस्बों और शहरों में हिंसक प्रदर्शन हुए हैं। राजपूत समूह अभी भी फिल्म का कड़ा विरोध कर रहे हैं। विरोध के चलते गुजरात, राजस्थान, मध्यप्रदेश और गोवा में सिनेमाघर मालिकों ने फिल्म नहीं दिखाने का फैसला किया है। पटना में भी फिल्म की रिलीज को रोक दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications